बंगाल में चार्जशीट बनाम चार्जशीट, बीजेपी के खिलाफ टीएमसी का आरोप पत्र
समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट

पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को घेरने के लिए ‘ चार्जशीट ‘ जारी की थी . हालांकि, टीएमसी ने भी बीजेपी के हमले के जवाब में रिवर्स चार्जशीट जारी की है.
कोलकाता : ऐसे में बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी अपनी – अपनी चार्जशीट के साथ आमने-सामने आ गए हैं. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चार्जशीट रखने के बाद टीएमसी से सांसद महुआ मोइत्रा सामने आई. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी की तरफ से चार्जशीट जारी किए जाने के बाद तृणमूल कांग्रेस ने भी जवाबी पलटवार किया है . केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ममता बनर्जी के 15 साल के शासन के खिलाफ शनिवार को एक चार्जशीट जारी की. इसके बाद शाम को तृणमूल कांग्रेस की ओर से एक चार्जशीट बीजेपी के खिलाफ जारी की गई. चार्जशीट को टीएमसी की फायरब्रांड सांसद महुआ मोइत्रा और साथ में लोकसभा सांसद कीर्ति आजाद ने जारी किया. इस मौके पर महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा कि अपने हर बंगाली को अपराधी घोषित कर दिया है, और आप इसे चार चरणों में करते हैं. पहले आप हमारी बेइज्जती करते हैं, फिर आप हमें वंचित करते हैं, फिर आप हमें क्रिमिनल बनाते हैं और फिर आप हमें परेशान करते हैं.
महुआ ने ईडी का मुद्दा भी उठाया
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) उन्हें रिपोर्ट करता है, ईडी ने लगभग 6 हजार केस फाइल किए हैं, 98% विपक्षी नेताओं के खिलाफ. आपने सिर्फ 25 लोगों को दोषी ठहराया है, यानी 0 42% की दर से. बीजेपी के खिलाफ चार्जशीट जारी करने के मौके पर महुआ मोइत्रा के साथ सांसद कीर्ति आजाद ने भी बीजेपी पर पलटवार किया. बिहार से आने वाले पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद टीएमसी सांसद हैं .
मुद्दों पर टीएमसी-बीजेपी में ठनी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन जल्द ही शुरू होने वाले हैं . राज्य में दो चरणों में चुनाव होने हैं. पहले चरण के लिए 23 अप्रैल दूसरे चरण के लिए वोटिंग 29 अप्रैल को होगी. राज्य में बीजेपी ने महिला सुरक्षा, टीएमसी की गुंडागर्दी के साथ ममता बनर्जी के अगवाई वाली सरकार में भ्रष्टाचार के साथ बांग्लादेशी की घुसपैठ को मुद्दा बनाया है . जबकि टीएमसी ने बंगाली अस्मिता कार्ड खेलते हुए बंगाल की अपेक्षा के आरोप लगाए हैं. टीएमसी का आरोप है कि केंद्र ने राज्य के साथ भेदभाव किया . पार्टी इसके अलावा एसआईआर के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठा रही है.
टीएमसी के चार्जशीट में क्या कुछ है ?
तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी के खिलाफ जारी
चार्जशीट में कहा है कि बीजेपी— शासित राज्यों में बंगालियों को सुंनियोजित तरीके से परेशान किया गया है और उन्हें अपराधी करार दिया गया है. टीएमसी ने मणिपुर में जातीय हिंसा से निपटने के बीजेपी के तरीके को लेकर भी सवाल उठाए हैं. पार्टी ने उन राज्यों में महिलाओं की सुरक्षा का जिक्र करके बीजेपी को घेरा है . जहां पर भाजपा खुद सत्ता में है . तृणमूल कांग्रेस ने सीमा पर घुसपैठियों को लेकर बीजेपी के दावों को चुनौती दी है. टीएमसी ने कहा है कि सीमा सुरक्षा पर नियंत्रण होने के बावजूद केंद्र सरकार अवैध प्रवासियों को वापस भेजने में विफल क्यों रही है. टीएमसी ने कहा है कि भाजपा केंद्र की सत्ता बनाए रखने के लिए ‘ बंगाल को तबाह ‘ करने की कोशिश कर रही है. लेकिन सफल नहीं होंगे.