हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
हरियाणा के भिवानी में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला. हत्या के बाद दोनों ने शव को नाले में फेंक दिया
भिवानी / हैदराबाद, 16 अप्रैल, 2025. हरियाणा के भिवानी से एक दिल दहलाने वाली’ हत्याकांड ‘ ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. एक महिला यूटयूबर ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी और शव को बाइक पर लादकर रात के अंधेरे में नाले में फेंक दिया. सोशल मीडिया की चकाचौध में डूबे इस अपराध ने रिश्तों की नींव हिला दी है. आखिर कैसे एक यूटयूबर ने रील्स की दुनिया से हत्या की साजिश तक का रास्ता तय किया? आईए, जानते हैं इस दिल दहलाने वाली वारदात का पूरा सच.
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के मुताबिक, भिवानी के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र, गुर्जरों की ढाणी निवासी 35 वर्षीय प्रवीण की शादी रेवाड़ी जिले के गांव जुड़ी निवासी 32 वर्षीय रवीना से 2017 में हुई थी. दंपति का एक 6 साल का बेटा, मुकुल भी है. रवीना को यूटयूब और इंस्टाग्राम पर रील बनाने का शौक था, जिसके चलते उसकी मुलाकात हिसार के प्रेम नगर निवासी यूटयूबर सुरेश से डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई . दोनों की दोस्ती जल्दी ही प्रेम संबंध में बदल गई.
प्रेमी के साथ पत्नी को पकड़ा
25 मार्च 2025 को प्रवीण ने रवीना और सुरेश को अपने घर में आपत्तिजनक हालत में देखा,जिसके बाद पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई. उसी रात को रवीना और सुरेश ने साजिश रचकर प्रवीण की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद, दोनों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए रात का इंतजार किया. देर रात 2 से 3 के बीच, उन्होंने प्रवीण के शव को कपड़े में लपेटकर बाइक पर लादा और भिवानी के विनोद रोड पर एक गंदे नाले में फेंक दिया .
सीसीटीवी ने खोला राज
प्रवीण के लापता होने पर उनके परिजनों ने 28 मार्च को ही पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. लेकिन 3 दिन बाद, विनोद रोड पर नाले में एक सड़ी – गली लाश मिली, जिसकी पहचान प्रवीण के रूप में हुई. प्रवीण के पिता सुभाष ने रवीना और सुरेश के बीच अवैध संबंधों पर शक जताया. परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें रवीना हेलमेट पहने एक व्यक्ति ( सुरेश) शव को बाइक पर ले जाते दिखे . इस फुटेज के आधार पर पुलिस ने रवीना को हिरासत लिया. सख्त पूछताछ में रवीना ने सुरेश के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल कर ली है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने रवीना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि यूटयूबर सुरेश अभी फरार है. पुलिस ने बताया कि रवीना ने पूछताछ में बताया कि प्रवीण को उनके संबंधों की जानकारी हो गई थी, इसके बाद हत्या की साजिश रची गई . अब पुलिस सुरेश की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. 6 साल के बच्चे का टूटा आसरा
इस घटना ने प्रवीण के 6 साल के बेटे मुकुल के सिर से न केवल पिता का साया छीना, बल्कि मां के जेल जाने से उसकी ममता भरा आंचल भी छिन गया . मुकुल अब अपने दादा सुभाष और चाचा संदीप के पास रह रहा है.