पंचतत्व में विलीन हुई डॉ. गिरिजा व्यास

पंचतत्व में विलीन हुई डॉ. गिरिजा व्यास, अशोक गहलोत ने भी अर्थी को दिया कंधा

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. गिरिजा व्यास का गुरुवार को निधन हो गया. शुक्रवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया. उनके भाई गोपाल शर्मा ने मुखाग्नि दी. पूर्व केंद्रीय मंत्री की शव यात्रा में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा था. इस दौरान राज्य के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भी वरिष्ठ कांग्रेस नेता की अर्थी को कंधा दिया.

उदयपुर/ हैदराबाद, 2 मई, 2025. पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ गिरिजा व्यास (79) का शुक्रवार शाम यहां अशोक नगर स्थित मोक्ष धाम पर अंतिम संस्कार किया गया. उनके भाई गोपाल शर्मा ने मुखाग्नि दी. अंतिम संस्कार वैदिक विधि से हुआ, इसमें 104 वेद मंत्र पढ़े गए. इससे पहले शव यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई कांग्रेस — भाजपा के नेता शामिल हुए. व्यास की अर्थी को गहलोत ने भी कंधा दिया . गिरिजा व्यास ने गुरुवार शाम करीब 7:15 बजे अहमदाबाद स्थित जायडस अस्पताल में अंतिम सांस ली थी. देर रात उनकी पार्थिव देह उदयपुर लाई गई थी. शुक्रवार सुबह पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए उनके देत्यमगरी स्थित आवास पर रखा गया था.

कांग्रेस नेताओं सेमत कई दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ सीपी जोशी, मौजूदा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टिकराम जूली, पूर्व मंत्री रामलाल जाट, धर्मेंद्र राठौर सहित कई दिग्गज नेताओं ने डॉ गिरिजा व्यास के पार्थिव शरीर पर कांग्रेस का ध्वज और पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. डोटासरा ने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए.

शाम 4 बजे निकाली गई शव यात्रा

अपराह्ण सांय 4 बजे डॉ व्यास की अंतिम यात्रा उनके निवास से शुरू हुई थी. इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि भावुक माहौल में शामिल हुए. अंतिम यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कंधा देकर अंतिम सम्मान प्रदान किया . अंतिम यात्रा अशोक नगर स्थित मोक्षधाम पहुंची, जहां पूरे वैदिक विधि- विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया.