
हैदराबाद में दर्दनाक हादसा, चारमीनार के पास इमारत में लगी आग, 17 लोगों की गई जान
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
हैदराबाद के ऐतिहासिक चारमीनार के पास गुलजार हाउस की एक बिल्डिंग में रविवार को आग लगने से 17 लोगों की जान चली गई,जिनमें बच्चे और महिलाएं शामिल हैं. हालांकि, अभी भी कई लोगों के बिल्डिंग के भीतर फंसे होने की आशंका है, जबकि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
हैदराबाद, 18 मई, 2025. इस दर्दनाक हादसे पर दुख जताते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2–2 लाख रुपए अनुग्रह राशि और घायलों को 50–50 हजार रुपए दिए जाने का ऐलान किया है . साथ ही तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा है कि राज्य सरकार मामले की जांच के बाद मृतकों के परिजनों को 4–4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर सकती है. इस दुखद हादसे पर पीएम नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है . उन्होंने एक्स पर लिखा,’ हैदराबाद में आग लगने की घटना में लोगों की मौत से मैं बहुत दुखी हूं. जिन्होंने हादसे में अपने लोगों को खो दिया है, उनके प्रति पीएम मोदी ने संवेदनाएं प्रकट की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. पुलिस के मुताबिक, हादसे में मृत लोगों की पहचान अभिषेक मोदी(30), राजेंद्र कुमार(67), मुन्नी वाई (72), सुमित्रा (65), इराज (2), आरूषि जैन (17), हर्षाली गुप्ता (7), और शीतज जैन (37) के रूप में की गई है. पीड़ितों में 2 बच्चे और एक नाबालिग है. पुलिस का कहना है कि अब तक रेस्क्यू टीम ने 10 से 15 लोगों को बचा लिया है. इस बीच स्थानीय विधायक ने स्थिति का आकलन करने और राहत प्रयासों में समन्वय स्थापित करने के लिए घटनास्थल का दौरा किया है . उधर, तेलंगाना आपदा प्रतिक्रिया और अग्निशमन सेवा महानिदेशक, वाई नागि रेड्डी ने कहा,’ कृष्णा पर्ल्स की दुकान और गुलजार हाउस क्षेत्र के आवासीय परिसर में आग लगने की घटना हुई. अग्निशमन को 6:18 बजे सुबह कॉल मिली और 6:18 बजे तक पर्याप्त कर्मचारियों के साथ 11 दमकल गाड़ियों को लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए.
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
उन्होंने कहा कि हम 17 लोगों को बच्चा नहीं पाए… शुरुआती जांच से पता चलता है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था… आग से लड़ने और लोगों को बचाने में अग्निशमन विभाग की कोई कमी नहीं रही… इमारत में सुरंग की तरह केवल 2 मीटर का एक प्रवेश द्वार था. पहली और दूसरी मंजिल तक पहुंचने के लिए केवल 1 मीटर की सीढ़ी है . इससे बचने और बचाव अभियान बहुत मुश्किल हो गया. सुबह 9 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया…कुल 21 लोग इमारत के अंदर थे.वहीं, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष जी. किशन रेड्डी, तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर भी रेस्क्यू ऑपरेशन का निरीक्षण करने पहुंचे. चारमीनार के पूर्व विधायक मुमताज अहमद खान भी मौके पर मौजूद थे .
मैं किसी को दोष नहीं दे रहा…
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा,’ आग एक परिवार के स्वामित्व वाली मोती की दुकान में लगी. यह घटना शॉर्ट सर्किट के कारण हुई है. दुर्घटना में कई लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं. मैं किसी को दोष नहीं दे रहा, लेकिन हैदराबाद एक तेजी से विकसित हो रहा शहर है, इसलिए पुलिस, नगर पालिका, अग्निशमन और बिजली विभागों को मजबूत किया जाना चाहिए. दूसरी तरफ तेलंगाना सरकार में मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने हादसे के बारे में कहा, ‘ आग सुबह 6 बजे के आसपास लगी और 6:16 बजे तक तेलंगाना फायर विभाग मौके पर पहुंच गया. उन्होंने सभी को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्य से आग पहले ही बड़े पैमाने पर फैल चुकी थी . इमारत के अंदर मौजूद अधिकांश लोगों की जान चली गई है . इसके अलावा, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना पर विस्तृत रिपोर्ट के लिए संबंधित मंत्री पोन्नम प्रभाकर से बात की है. मुख्यमंत्री ने आग से प्रभावित परिवारों को सांत्वना देने के लिए उनसे फोन पर भी बात की. मुख्यमंत्री ने मंत्री प्रभाकर को आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है. इसके अलावा, मुख्यमंत्री रेड्डी ने महानिरीक्षक नागि रेड्डी को घटनास्थल पर रहने और वहां चल रहे बचाव कार्यों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया है.