मंत्री शाह की बढ़ेगी मुश्किलें

एमपी पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मंत्री विजय शाह के विवादित बयान की जांच के लिए तीन सदस्यीय सीट का गठन किया है. एमपी हाईकोर्ट ने टिप्पणी को अशोभनीय बताते हुए जांच के निर्देश दिए थे .

भोपाल/ नई दिल्ली/ हैदराबाद, 20 मई, 2025. मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह की ओर से सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान की जांच करने के लिए पुलिस ने तीन सदस्यीय सीट बनाई है. कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर शाह ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसपर सुप्रीम कोर्ट ने जांच के लिए सीट बनाने का आदेश दिया था. पुलिस ने सोमवार ( 19 मई ) देर रात टीम का गठन किया . मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन में लिया गया है.

ये होंगे सीट के सदस्य
इस विशेष जांच टीम में तीन वरिष्ठ अधिकारी शामिल किए गए, दिन में पुलिस महा निरीक्षक ( आईजी ) प्रमोद वर्मा, उपमहानिरीक्षक ( डीआईजी) कल्याण चक्रवर्ती और पुलिस अधीक्षक ( एसपी) वाहिनी सिंह है. सुप्रीम कोर्ट ने साफ निर्देश दिया था कि मंगलवार यानी 20 मई सुबह 10 बजे तक सीट गठित कर दी जाए, जिसमें एक महिला अधिकारी भी शामिल होनी चाहिए. इसके बाद राज्य के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने सीट के गठन का आदेश जारी किया और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा.

आगे क्या करेगी सीट ?
जांच टीम में शामिल अधिकारी राज्य में विभिन्न जिम्मेदारियों को निभा रहे हैं. प्रमोद वर्मा वर्तमान सागर रेंज के आईजी हैं, कल्याण चक्रवर्ती एसएएफ, भोपाल में डीआईजी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि वाहिनी सिंह डिंडोरी की पुलिस अधीक्षक हैं. यह टीम अब उस एफआईआर की जांच करेगी, जो मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश के बाद मंत्री विजय शाह के खिलाफ पुलिस में दर्ज की गई थी. उल्लेखनीय है कि विजय शाह का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने’ ऑपरेशन सिंदूर ‘ के दौरान चर्चा में आई कर्नल सोफिया कुरैशी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी . इस पूरे मामले में मंत्री विजय शाह को कई आलोचना का सामना करना पड़ा. मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने भी अपने आदेश में उनके बयान को ‘ अशोभनीय ‘ और’ निचले स्तर की भाषा’ बताया था. कोर्ट ने पुलिस को धारा 153– ए के तहत यानी वैमनस्य और घृणा फैलाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था. जनता और पूर्व सैन्य अधिकारियों की तीखी प्रतिक्रिया के बाद मंत्री विजय शाह ने खेद जताया और कहा कि वे कर्नल कुरैशी का अपनी बहन से भी अधिक सम्मान करते हैं. अब सभी की नजरें सीट की जांच पर टिकी है.