बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार को झटका, 2 कद्दावर नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
जदयू के पूर्व विधायक सुरेश चंचल और हाजी परवेज सिद्दीकी ने कांग्रेस की सदस्यता ली. राजेश कुमार ने उन्हें पार्टी में शामिल किया. हाजी परवेज ने नीतीश कुमार पर बीजेपी के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया. वहीं, सुरेश चंचल ने राहुल गांधी से प्रभावित होकर कांग्रेस ज्वाइन की . राजेश कुमार ने नीतीश कुमार पर सामाजिक न्याय के साथ अन्याय करने का भी आरोप लगाया .
पटना/ हैदराबाद, 29 मई, 2025. जदयू के सकरा से पूर्व विधायक रहे सुरेश चंचल और हाजी परवेज सिद्दीकी ने बुधवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार ने इन्हें पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई. आयोजित मिलन समारोह में पूर्व विधायक सुरेश चंचल ने कहा कि राहुल गांधी के काम और विचारधारा से प्रभावित होकर हम कांग्रेस की सदस्यता ले रहे हैं. जबकि हाजी परवेज ने कहा कि नीतीश कुमार को कुछ लोगों ने हाईजैक कर लिया है.वे काम नहीं कर पा रहे हैं. नीतीश कुमार और भाजपा दोनों का सिद्धांत एक जैसा है, दोनों में कोई अंतर नहीं है. राजेश कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार सामाजिक न्याय के नाम पर सत्ता में आए थे और आज सामाजिक न्याय के साथ अन्याय कर रहे हैं. नीतीश कुमार ने वक्फ बिल को लेकर भाजपा का समर्थन किया और भाजपा जिस तरीके से बिल लेकर आई, इसके कारण एनडीए से लोगों का मोह भंग हो रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिवसीय बिहार दौरे पर सवाल उठाते हुए कई सवाल दागे और कहा कि कुछ साल पहले बिहार को लाखों करोड़ों के पैकेज की घोषणा की गई थी. उस पैकेज का क्या हुआ. राजेश कुमार ने कहा कि बिहार में लगातार विधि व्यवस्था खराब हो रही है. अपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं. एनडीए शासन आखिर क्या कर रहा है. उन्होंने कहा कि क्या बीजेपी नीतीश कुमार की खराब तबियत होने का फायदा उठाना चाहती है. कार्यक्रम में मदन मोहन झा, बृजेश मुनन सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद थे.
