अहमदाबाद प्लेन क्रैश में एकमात्र जिंदा बचे विश्वास खुद उठकर भागे, पापा को किया वीडियो…

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
अहमदाबाद में गुरुवार की दोपहर प्लेन क्रैश हुए एयर इंडिया के विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई. एक को छोड़कर सभी यात्री, पायलट और क्रू के अन्य सदस्य हादसे का शिकार हो गए.
अहमदाबाद/ हैदराबाद, 13 जून, 2025. अहमदाबाद में गुरुवार की दोपहर प्लेन क्रैश हुए एयर इंडिया के विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई. एक को छोड़कर सभी यात्री, पायलट और क्रू के अन्य सदस्य हादसे का शिकार हो गए . लंदन के लिए उड़े इस विमान में यात्रा कर रहे सिर्फ एक शख्स विश्वास रमेश ही भाग्यशाली रहे जो जिंदा बच निकलने में कामयाब रहे. ब्रिटिश नागरिक विश्वास की किस्मत ही नहीं फुर्ती और हिम्मत की भी चारों तरफ तारीफ हो रही है. विमान हादसे के बाद विस्फोट से पहले न सिर्फ वह तेजी से भाग निकले बल्कि पिता को वीडियो कॉल करके विमान के क्रैश होने और खुद के बचने की खबर भी दी. लेकिन हादसे में उनके एक भाई की भी मौत हो गई है. भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विश्वास रमेश खुद यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि वह इतने भयावह हादसे में कैसे बच गए. 40 साल के विश्वास कुमार रमेश को छोड़कर सभी 241 लोग काल के गाल में समा गए. इसके अलावा, जिस इमारत पर यह विमान गिरा उसने मौजूद कई लोग भी मारे गए, जिनमें
अधिकतर मेडिकल स्टूडेंट्स थे. हादसे में कुल 265 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इंग्लैंड के ईस्ट मिडलैंड्स में स्थित शहर लीसेस्टर में विश्वास और उनके परिवार रहता है. वहां उनके छोटे भाई नयन कुमार रमेश ने कहा, ‘ जैसे ही हमें विमान क्रैश का पता चला हम सदमे में चले गए. मैंने एक दिन पहले सुबह उससे बात की थी. हम बहुत परेशान हैं.’ मीडिया से बातचीत में नयन ने कहा,’ भाई विश्वास ने प्लेन क्रैश के बाद पापा को वीडियो कॉल किया. उन्होंने कहा — ओह प्लेन क्रैश हो गया है. मुझे नहीं पता मेरा भाई कहां है. मैं किसी दूसरे यात्री को नहीं देख पा रहा हूं. मैं नहीं जानता कि मैं कैसे बच गया. मैं कैसे प्लेन से बाहर निकल पाया.’ विश्वास रमेश का इलाज कर रहे डॉ. धवल गामेटी ने कहा,’ शरीर पर कई चोट की वजह से वह थोड़ा परेशान थे. लेकिन वह खतरे से बाहर लग रहे हैं. हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने जो वीडियो बनाए उनमें विश्वास रमेश पैदल ही जाते दिख रहे हैं. विश्वास के बचने की सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है. लोग उनकी किस्मत और हिम्मत दोनों की दादा दे रहे हैं.