बिहार के एग्जाम फीस माफ और सेंटर आने – जाने का किराया भी फ्री! तेजस्वी का ऐलान
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
तेजस्वी यादव ने बिहार में 100 प्रतिशत डोमिसाइल लागू करने और महागठबंधन सरकार बनने पर एग्जाम फीस माफ करने का ऐलान किया. उन्होंने परीक्षार्थियों को किराए को लेकर भी बड़ी घोषणा की.
पटना/ हैदराबाद, 15 जून, 2025. तेजस्वी यादव ने पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम में शनिवार को कई बड़े ऐलान किए. बिहार में महागठबंधन की सरकार अगर बनी तो 100 प्रतिशत डोमिसाइल नीति लागू करने की बात उन्होंने की . परीक्षार्थियों से एग्जाम के फॉर्म की फीस माफ करने और परीक्षा केंद्र आने – जानें के लिए किराया फ्री करने का भी वादा उन्होंने किया.
एग्जाम फीस 100 प्रतिशत डोमिसाइल की कही बात
तेजस्वी यादव ने पाल महासम्मेलन कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो बिहार में 100 प्रतिशत डोमिसाइल कानून लाएंगे. ताकि बाहर के लोग यहां नौकरी नहीं करे. बिहार के ही लोगों का बिहार की नौकरी पर हक रहे . तेजस्वी यादव ने परीक्षा फार्म का फीस पूछा और कहा कि जब आपका तेजस्वी यादव सरकार में आएगा तो परीक्षा फॉर्म फीस आप लोगों को देने की जरूरत नहीं होगी. परीक्षा फीस माफ होगा.
एग्जाम सेंटर आने — जाने का किराया भी देगी सरकार, तेजस्वी का ऐलान
तेजस्वी यादव ने कहा कि परीक्षार्थियों को अपने घर से एग्जाम सेंटर आने – जाने के लिए किराया भी सरकार देगी. उन्होंने पेपर लीक को भी मुद्दा बनाया और कहा कि तमाम तैयारी करके छात्र जाते हैं और सेंटर जाने पर पता चलता है कि पेपर लीक हो गया. ऐसे में काफी पैसे स्टूडेंट के खर्च होते हैं. तेजस्वी यादव पहले भी शत प्रतिशत डोमिसाइल की वकालत कर चुके हैं.
चरवाहा आयोग बनाने की कही बात
तेजस्वी यादव ने सरकार बनने पर चरवाहा आयोग बनाने की भी बात कही. उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो वो पाल समाज का कर्ज़ चुकाएंगे. उनकी सुविधा के लिए चरवाहा आयोग बनेगा. पाल समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाई जाएगी. भेड़ों की अकाल मौत अगर दुर्घटना में होती है तो सरकारी सहायता दी जाएगी.

पाल समुदाय के लोगों ने दिया गिफ्ट
हालांकि, पाल महासम्मेलन के दौरान मंच पर एक वाकया देखने के लिए मिला, जिसकी खूब चर्चा हो रही है. दरअसल, स्टेज पर तेजस्वी यादव अचानक भेड़ घुमाते हुए दिखे. यह दृश्य देख वहां मौजूद कई लोग हैरान रह गए. वे कभी भेड़ को मंच पर घुमा रहे थे तो कभी भेड़ को लेकर खड़े हो जा रहे थे. भेड़ के साथ मंच पर नेता प्रतिपक्ष को देख लोग सोचने लगे कि आखिर वो भेड़ का करेंगे क़्या? हालांकि, कुछ देर बाद पता चला कि ये भेड़ राबड़ी आवास जाएगा और वहीं रहेगा. इसके साथ ही यह भी पता चला कि, पाल महासम्मेलन में तेजस्वी यादव को पाल समुदाय के लोगों ने माला और गुलदस्ते की जगह भेड़ भेंट कर उनका स्वागत किया था. जिसके बाद भेड़ के गले में बंधी रस्सी को पड़करकर तेजस्वी उसे घुमाने लगे.
