केदारनाथ हेलीकॉप्टर क्रैश : पल भर में गई 7 जिंदगियां

केदारनाथ में रविवार को हुआ हेलीकॉप्टर हादसा इतना भयानक था कि उसकी तस्वीरें देखकर रूह कांप जाए. हादसे में पायलट राजवीर सिंह चौहान समेत 7 लोगों की जान चली गई.

केदारनाथ/ हैदराबाद, 15 जून, 2025. उत्तराखंड के केदारनाथ के पास रविवार को हुआ हेलीकॉप्टर हादसा इतना भयावह था कि जो तस्वीरें सामने आई है, उन्हें देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं. इस हादसे में पायलट समेत 7 लोगों की जान चली गई. हादसे में जान गंवाने वाले पायलट राजवीर सिंह चौहान जयपुर के शास्त्री नगर के रहने वाले थे और 15 साल से ज्यादा समय तक भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके थे .

सेना से एविएशन तक का सफर

37 वर्षीय राजवीर सिंह चौहान अक्टूबर 2024 से ‘ आर्यन अविएशन प्रा. लि. में पायलट के तौर पर काम कर रहे थे. इससे पहले वे भारतीय सेना में एक अनुभवी हेलीकॉप्टर पायलट रहे. उन्होंने विभिन्न इलाकों में उड़ान मिशन, हवाई संचालन और हेलीकॉप्टर रखरखाव में विशेषज्ञता हासिल की थी. रविवार को वह जिस हेलीकॉप्टर ( बेल्ल 407) के कप्तान थे, वह उत्तराखंड के गौरीकुंड के पास उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. हादसे में सभी 7 लोगों की मौत हो गई.

हादसे की सूचना और परिवार की स्थिति
राजवीर के पिता गोविंद सिंह को हादसे की सूचना उनके बेटे के सहयोगी से मिली. राजवीर की पत्नी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल है. गीता गोविंद सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले ही परिवार में जुड़वा बच्चों का जन्म हुआ था. हादसे की खबर मिलते ही जयपुर स्थित उनके घर पर रिश्तेदारों और परिचितों का तांता लग गया. हर कोई स्तब्ध और शोकाकुल हैं.

हादसे की भयावहता
हादसे के बाद जो तस्वीरें सामने आई है वो इस बात की गवाही देते हैं कि यह कोई मामूली दुर्घटना नहीं थी . मलबे में बिखरे हेलीकॉप्टर के टुकड़े, चारों तरफ फैली अफरातफरी और राहत कार्यों की तस्वीरें लोगों को भीतर तक झकझोर रही है. ऐसे में यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा और निगरानी पर सवाल खड़े करता है.

केदारनाथ हेलीकॉप्टर क्रैश में
महाराष्ट्र के जायसवाल परिवार का दुखद अंत, सौभाग्य से बचा बेटा !

उत्तराखंड में केदारनाथ धाम के पास रविवार सुबह हेलीकॉप्टर क्रैश होने से 7 लोगों की मौत हो गई, जिसमें महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के जयसवाल परिवार के 3 लोग भी शामिल हैं .वे आज सुबह हेलीकॉप्टर से केदारनाथ धाम दर्शन के लिए जा रहे थे. लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर गौरीकुंड जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यवतमाल के वणी निवासी राजकुमार जायसवाल, उनकी पत्नी श्रद्धा जायसवाल, और दो साल की बेटी काशी सहित 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. हेलीकॉप्टर सुबह 5:17 बजे केदारनाथ से गुप्तकाशी के लिए रवाना हुआ था . हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल 7 लोग सवार थे. यह दुर्घटना गौरीकुंड और त्रीयुगीनारायण के बीच घने जंगलों में हुई, जब हेलीकॉप्टर अत्यधिक कोहरे और तेज हवाओं के कारण अपना संतुलन खो बैठा और क्रैश हो गया.