हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
अहमदाबाद में जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान हाथियों के बेकाबू होने से वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और चार लोग घायल हो गए
अहमदाबाद/ हैदराबाद, 27 जून, 2025. गुजरात के अहमदाबाद में 148 वीं जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली जा रही है. इस बीच यात्रा के दौरान ही हाथी बेकाबू हो गया. डीजे की तेज आवाज से बेकाबू हाथी इधर-उधर दौड़ने लगा और आसपास के लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया. हालांकि, अंत में महावतों ने हाथी को काबू में कर लिया. जगन्नाथ रथ यात्रा में हजारों भक्तों की भीड़ जमा होती है. इस दौरान तीन हाथियों के बेकाबू होने से भीड़ में मौजूद लोग भी इधर-उधर भागने लगे. हाथी को देखते ही लोगों ने संभलना शुरू किया और आगे का रास्ता खाली करते चले गए.
5 –6 हाथी हुए थे बेकाबू
अहमदाबाद रथ यात्रा के रूट में खाडिया विस्तार जगह पड़ती है, जहां से हाथियों के बेकाबू होने का वीडियो वायरल हुआ. डीजे की तेज आवाज से हाथी भड़क गया और दौड़ने लगा. उस हाथी को देखकर बाकी दो — तीन हाथी भी बेकाबू हो गए. बताया जा रहा है कि रथ यात्रा में 5 –6 हाथी बेकाबू हुए थे. इनमें से तीन हाथी खाडिया की गलियों में दौड़ने लगे.
3–4 लोगों के घायल होने की खबर
इस भगदड़ में तीन से चार लोगों के घायल होने की सूचना मिली है. उनमें से एक मीडिया कर्मी है. हालांकि, गनीमत रही कि किसी को भी ज्यादा चोटें नहीं आई है. ये लोग हाथी के नजदीक ही खड़े थे और
भगदड़ में गिर गए थे. अच्छी खबर यह रही कि जब तक हाथी उन लोगों तक पहुंचते, तब तक लोगों ने उन्हें बचा लिया.
काफी मशक्कत के बाद काबू में आए हाथी+ जगन्नाथ रथ यात्रा में सबसे आगे गजराज चलते हैं. उनके साथ महावत और वन विभाग की टीम भी रहती है. जैसे ही हाथी निरंकुश होने लगे, वन विभाग की टीम तुरंत एक्टिव हो गई. टीम के पास ट्रेंक्विलाइजर के साथ अन्य हथियार भी रहते हैं. उन्होंने तुरंत हाथी पर काबू पाया. इसके चलते 15 मिनट तक रथ यात्रा को रोका गया. मौके पर 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
रथ यात्रा फिर से शुरू
15 मिनट के ब्रेक के बाद, हाथियों को गलियों से निकालकर मुख्य मार्ग पर लाया गया और उन्हें काबू करने के बाद अहमदाबाद में रथ यात्रा फिर से शुरू की गई.