हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
हैदराबाद, 6 जुलाई, 2025. तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एन रामचंद्र राव ने शनिवार को औपचारिक रूप से भाजपा राज्य इकाई के अध्यक्ष पदभार संभाल लिया. इस अवसर पर तेलंगाना के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष तथा केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी, भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद डीके अरुणा, बीजेपी धर्मस्व प्रकोष्ठ तेलंगाना के संयुक्त संयोजक व अखिल भारतीय ब्राह्मण परिवार के अध्यक्ष सुदर्शन तिवारी सहित बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित हुए जिन्होंने नए राज्य प्रमुख एन रामचंद्र राव प्रदेश अध्यक्ष पदभार संभालने पर शुभकामनाएं दी और अपना पूरा समर्थन देने का वादा किया. हैदराबाद के नामपल्ली स्थित भाजपा राज्य मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नव निर्वाचित अध्यक्ष रामचंद्र राव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जमीनी स्तर पर बीजेपी को मजबूत करना है.

कौन है एन रामचंद्र राव ?
एन रामचंद्र राव को तेलंगाना में बीजेपी के प्रमुख नेताओं में से एक माना जाता है. वह विधान परिषद सदस्य भी रह चुके हैं और ब्राह्मण समुदाय से आते हैं. ऐसा माना जा रहा है कि तेलंगाना में आरएसएस नेताओं के एक वर्ग और पार्टी के एक गुट द्वारा नेतृत्व को उनके नाम की सिफारिश किए जाने के बाद पार्टी ने एन रामचंद्र राव के पक्ष में फैसला किया और उन्हें तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष पद पर आसीन किया. वे एबीवीपी की पाठशाला में पले – बढ़े हैं. वे भगवा पार्टी में शामिल होने के समय से ही पार्टी के प्रति वफादार रहे हैं. उन्हें पार्टी ने इसलिए प्रदेश अध्यक्ष चुना क्योंकि वे पार्टी के सभी वर्गों को स्वीकार्य हैं.
भाजपा नेता सुदर्शन तिवारी ने की नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात
तेलंगाना स्टेट बीजेपी एंडोमेंट सेल के संयुक्त संयोजक तथा अखिल भारतीय ब्राह्मण परिवार, के अध्यक्ष सुदर्शन तिवारी ने तेलंगाना इकाई के नव निर्वाचित भाजपा अध्यक्ष एन रामचंद्र राव से मुलाकात की पार्टी संगठन में मजबूती लाने पर विस्तृत चर्चा की. उन्होंने इस मुलाकात को सौजन्य बताया और उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दी और अपना समर्थन देने का वादा किया.