तेलंगाना में बीआरएस और कांग्रेस नेताओं में तीखी झड़प. विधायक ने फेंकी कांग्रेस नेता पर बोतल
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट
तेलंगाना के आसिफाबाद में राशन कार्ड वितरण कार्यक्रम में कांग्रेस और बीआरएस नेताओं के बीच तीखी नोक झोक और झड़प हो गई. इस दौरान कांग्रेस समर्थकों ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की .
असीफाबाद/ हैदराबाद, 8 अगस्त, 2025. तेलंगाना के कुमारम – भीम आसिफाबाद जिले में राशन कार्ड वितरण कार्यक्रम के दौरान गुरुवार ( 7 अगस्त) को हंगामा हो गया. यहां जनकपुर के रायथु वेदिका में आयोजित एक शासकीय कार्यक्रम में बीआरएस विधायक कोव लक्ष्मी और कांग्रेस के क्षेत्रीय चुनाव प्रभारी अजमीरा श्याम नायक के बीच तीखी नोक- झोंक ने हिंसक रूप ले लिया. स्थिति तब बेकाबू हो गई जब बीआरएस विधायक कोव लक्ष्मी ने कांग्रेस नेता श्याम नायक पर पानी की बोतल से प्रहार किया. जिससे दोनों पक्षों के समर्थकों में काफी तनाव बढ़ गया. आयोजित कार्यक्रम में जिला के अतिरिक्त कलेक्टर डेविड सहित कई अधिकारी मौजूद थे. अतिरिक्त कलेक्टर ने जब अपने संबोधन में यह कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में राशन कार्ड वितरण में देरी हुई थी. इस बयान पर विधायक कोव लक्ष्मी ने आपत्ति जताई और पूर्व बीआरएस सरकार के कार्यों का बचाव किया. इस दौरान मौके पर मौजूद कांग्रेस नेता श्याम नायक ने विधायक के बयानों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि शासकीय कार्यक्रम में पुरानी सरकार के मुद्दे को उठाना उचित नहीं है. इसके तुरंत बाद दोनों नेताओं के बीच शुरू हुई जुबानी जंग तीखी बहस में बदल गई.
विधायक ने फेंका कांग्रेस नेता पर पानी का बोतल, तो कांग्रेस नेता ने शुरू कर दी नारेबाजी .
विवाद बढ़ने पर विधायक कोव लक्ष्मी ने गुस्से में तमतमाते हुए कांग्रेस नेता श्याम नायक पर पानी की बोतल फेंक दी. इससे नाराज कांग्रेस समर्थकों ने विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी. इस बीच कांग्रेस नेता श्याम नायक ने घटना को अनुचित बताते हुए विधायक कोव लक्ष्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा,’ ऐसी घटनाएं लोकतंत्र के लिए बहुत ही शर्मनाक है. बीआरएस नेतृत्व को कोव से इस्तीफा लेना चाहिए.’
विधायक कोव लक्ष्मी ने कांग्रेस नेता पर किया पलटवार
उधर, विधायक कोव लक्ष्मी ने पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता श्याम नायक पर प्रोटोकॉल तोड़ने और ओछी राजनीति करने का आरोप लगाया. विधायक ने कहा, ” वह एक आदिवासी महिला है और कांग्रेस नेता श्याम नायक ने उन्हें आयोजित कार्यक्रम में डराने की कोशिश की. ” मैं कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से श्याम नायक जैसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग करती हूं. इस घटना ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है. दोनों गुटों के समर्थकों के बीच तनाव का माहौल है और यह विवाद तेलंगाना की सियासत में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रह सकता है. ऐसा जन चर्चा है.