19 लोगों की डूबने से मौत, 10 लाख से अधिक प्रभावित

पटना, भोजपुर, वैशाली, लखीसराय, शेखपुरा, भागलपुर, मधुबनी, मुंगेर, सीतामढ़ी, खगड़िया, कटिहार, समस्तीपुर और बेगूसराय के कई स्थानों में सड़कों पर पानी भर जाने से गाड़ियों का परिचालन ठप हो गया है. लोग बांधों पर शरण लिए…

पटना/ मधुबनी/ आरा / हैदराबाद, 10 अगस्त, 2025. बिहार की बड़ी नदियों में उफान से 13 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं. इन जिलों की 2 सौ से अधिक पंचायतें बाढ़ की चपेट में है. इससे करीब 10 लाख से अधिक की आबादी प्रभावित हैं . प्रभावित इलाकों में पशुओं के चारे का संकट हो गया है. फसलों को भी क्षति पहुंची है. बिहार की 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही है . बाढ़ के पानी में डूबने से अलग-अलग जिलों में 19 लोगों की मौत हुई है. इनमें सबसे ज्यादा पटना जिले में 9, भागलपुर में 4, भोजपुरी में 2, लखीसराय, बेगूसराय, गया जी और कैमूर में एक – एक व्यक्ति की डूबने से मौत हुई है. सड़कों पर नदियों का फैल जाने से कई इलाकों का संपर्क टूट गया है. भागलपुर– सुल्तानगंज के बीच राष्ट्रीय राजपथ 80 पर गंगा का पानी आ जाने से आवागमन रोक दिया गया है. पटना के निकट दनियावां और बिहार शरीफ राष्ट्रीय राजपथ 30 ए – पर भी पानी चढ़ गया है. पटना, भोजपुर, वैशाली, लखीसराय, शेखपुरा, भागलपुर, मधुबनी, मुंगेर, सीतामढ़ी, खगड़िया, कटिहार, समस्तीपुर और बेगूसराय के कई जगह में सड़कों पर पानी आने से गाड़ियों का परिचालन बंद हो गया है. लोग बांधों पर शरण लिए हुए हैं. पीने के पानी का भी भीषण संकट पैदा हो गया है. गंगा का जलस्तर पटना से फरक्का तक उफान पर है. पटना और कहलगांव में खतरे के निशान से डेढ़ मीटर ऊपर बह रही है. पुनपुन और सोन नदी का जलस्तर भी सभी जगहों पर तेजी से बढ़ रहा है. कोसी नदी कटिहार, भागलपुर और खगड़िया में, गंडक नदी वैशाली के लालगंज में, बागमती व अधवारा नदी सीतामढ़ी में, बुढी गंडक खगड़िया में, घाघरा नदी सिवान और सारण में, महानंदा नदी कटिहार में उफान पर है. परमानंद और कमला बलान नदी कई जगहों पर चेतावनी स्तर के पार है. खगड़िया जिले में बाढ़ का पानी एनएच सड़क 31 तक पहुंच गया है. उधर, लोहिया नगर और कृष्णापुरी मोहल्ले में गंडक नदी का पानी घरों में घुस गया है. भागलपुर जिले की 38, पटना की 22, समस्तीपुर जिले की 20 और मुंगेर की 15 पंचायतें बाढ़ से अधिक प्रभावित है. ये पूरी तरह जलमग्न हो गई है. भागलपुर जिले के गोपालपुर, इस्लामपुर, नारायणपुर, नाथनगर, सबौर और सुल्तानगंज प्रखंडों की 38 पंचायतों की करीब डेढ़ लाख आबादी प्रभावित हैं. मुंगेर जिले में मुंगेर सदर एवं धरहरा प्रखंड की 15 पंचायतों में करीब सवा लाख आबादी प्रभावित है. पटना जिले में अथमलगोला, मोकामा, बाढ़, दानापुर और पटना सदर प्रखंडों की 14 पंचायतों में करीब 91 हजार आबादी प्रभावित हुई है . वैशाली जिले के हाजीपुर, महनार, राघोपुर और सहदेई बुजुर्ग प्रखंडों की 22 पंचायतों में करीब 1लाख 55 हजार आबादी प्रभावित है. भोजपुर जिले में शाहपुर प्रखंड के 13 पंचायतों की 34 हजार आबादी प्रभावित हैं . लखीसराय के पिपरिया प्रखंड की करीब 75 हजार आबादी बाढ प्रभावित हैं. खगड़िया जिले में बाढ़ का पानी एनएच सड़क 31 तक पहुंच गया है. कटिहार जिले में नदी का पानी कई इलाके में फैल रहा है. इससे कुर्सेला, बरारी, मनिहारी और आमदाबाद प्रखंड की 60 हजार आबादी बाढ़ से प्रभावित हैं . समस्तीपुर के पटोरी अनुमंडल की 20 पंचायतों के 25 हजार से अधिक लोग पानी से घिर गए हैं. करीब एक दर्जन से अधिक गांव का संपर्क जिला मुख्यालय से कटा हुआ है.

मधुबनी में भुतही बलान नदी उफान पर

मधुबनी जिले के मधेपुर प्रखंड में मटरस और तरडीहा पंचायत के गांवों में भुतही बलान नदी का पानी फैल गया है. यहां राम ओला के पास बाढ़ का पानी सड़क पर बहने लगा है. इस कारण करीब 8 से 10 फीट सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है. शेखपुरा जिले के घाट कुसुंबा प्रखंड की पांच पंचायतें बाढ़ की चपेट में है . पानापुर- बाउघाट रोड में पुल के ऊपर से करीब 3 फीट पानी बह रहा है. भोजपुर के शाहपुर, बड़हरा, आरा सदर, बढ़िया एवं कोईलवर प्रखंड सबसे अधिक प्रभावित हैं. सड़कों पर नावें चल रही है.