नहीं रहे ‘ शुभ – लाभ’ के संस्थापक गोपाल अग्रवाल, नगर में शोक की लहर

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
शनिवार को हुआ अंतिम संस्कार, बड़े बेटे पीयूष ने दी मुखाग्नि. पुराना पुल श्मशान वाटिका में दी गई अंतिम विदाई
हैदराबाद, 23 अगस्त, 2025. दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरु से प्रकाशित प्रतिष्ठित हिंदी दैनिक ‘ शुभ – लाभ ‘ के संस्थापक तथा विशिष्ट कारोबारी , समाजसेवी गोपाल अग्रवाल (68) का शुक्रवार को हैदराबाद में निधन हो गया. निधन की खबर से हैदराबाद में शोक की लहर है. अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीति से जुड़े लोग, व्यावसायिक वर्गों ने उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है . शनिवार सुबह 9:30 बजे हैदराबाद स्थित पुराना पुल श्मशान वाटिका में उनका अंतिम संस्कार किया गया. उनके बड़े बेटे पीयूष अग्रवाल ने उन्हें मुखाग्नि दी. उनका वैदिक रीति से संस्कार किया गया. इस दौरान भारी संख्या में उनके चाहने वाले सर्व समाज के लोग वहां मौजूद रहकर उन्हें अंतिम विदाई दी. शोक संवेदना व्यक्त करते हुए लोगों ने कहा है कि उनके अचानक चले जाने से सर्व समाज को अपूरणीय क्षति पहुंची है. शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में हरियाणा के पूर्व राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, सांसद ईटेला राजेंद्र, विधायक गणेश, विशिष्ट चिकित्सक व समाजसेवी डॉ मोहन गुप्ता, आर्थिक जानकार महेश कुमार बंग, डॉ अजय अग्रवाल, अरुण कुमार, कारोबारी किरण तायल, समाज सेविका सपना गुप्ता, विशिष्ट पत्रकार धीरेंद्र प्रताप सिंह, डिजिटल मीडिया के देहाती विश्वनाथ, पत्रकार संदेश भारद्वाज, पवन भारती तथा प्रसिद्ध समाजसेवी व पूर्व न्यायाधीश टी गोपाल सिंह, कवि राजकुमार यादव समेत मीडिया से जुड़े अनेक पत्रकार थे. जबकि अनेक विशिष्ट समाज सेवियों, कारोबारियों, राजनेताओं और पत्रकारों ने गोपाल अग्रवाल के निधन पर गहरा शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए. मिली जानकारी के मुताबिक, दिवंगत गोपाल अग्रवाल अपने पीछे शोकाकुल धर्मपत्नी पुष्पा अग्रवाल, बेटे पीयूष अग्रवाल, मयूर अग्रवाल व मृदुल अग्रवाल सह बहुएं क्रमशः श्वेता, निशा व संजना समेत भाई सुरेश कुमार, रमेश कुमार, नंदलाल और पोते — पोतियों सहित भरा – पूरा परिवार को विलखते छोड़ गए हैं. ” ओम शांति”.