लेह हिंसा में’ नेपाल कनेक्शन’ एलजी बोले

लेह हिंसा में बड़ा खुलासा हुआ है. लेह – लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने दावा किया है कि इस हिंसा का नेपाल कनेक्शन भी है. उन्होंने कुछ लोगों की ओर इशारा किया जो बाहर जाते हैं और जिन्होंने इसकी साजिश रची

लेह / लद्दाख/ हैदराबाद, 25 सितंबर 2025. लेह – लद्दाख में उपद्रव कैसे हुआ, इसकी एक-एक परत खुलकर सामने आ रही है. इतनी भीड़ एक साथ कहां से आ गई? कैसे सिर्फ कुछ खास लोगों को निशाना बनाया गया? चुन – चुनकर दफ्तरों में आग लगाई गई. सुरक्षा सूत्रों की मानें तो लेह हिंसा का ‘ नेपाल कनेक्शन’ भी है. नेपाली नागरिकों और नाबालिगों को बुलाया गया. उन्हें उपद्रव करने के लिए भड़काया गया. 20 से ज्यादा नेपाली नागरिक पुलिस की रडार पर हैं. सुरक्षा बलों के साथ हाई लेवल मीटिंग के बाद एलजी कविंदर गुप्ता ने कहा, ये लद्दाख को जलने की साजिश थी. इस साजिश में राजनीतिक दल शामिल थे. उपद्रवी हिंसा में नेपाल के 7 लोग जख्मी भी हुए हैं. मीडिया से बातचीत में एलजी ने साफ कहा कि या कोई अचानक हुई घटना नहीं थी बल्कि लद्दाख को जलने की सुनियोजित साजिश थी . उपराज्यपाल का आरोप है कि इस पूरे मामले में एक राजनीतिक पार्टी शामिल थी और हिंसा फैलाने के लिए बाहरी लोगों को बुलाया गया था. एलजी ने बताया कि हिंसा के दौरान नेपाल के 7 लोग घायल हुए, जिससे यह शक और गहरा हो गया कि इसमें विदेशी हाथ भी शामिल हो सकते हैं. लेह में हिंसा के बाद सरकार ने कड़ा कदम उठाया है. सरकार ने क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की एनजीओ का Fcra लाइसेंस रद्द कर दिया है.
लेह में कर्फ्यू से सन्नाटा, इंटरनेट स्पीड पर ब्रेक, 50 गिरफ्तार, 4 की मौत, 70 घायल

लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची की मांग को लेकर चला शांतिपूर्ण आंदोलन बुधवार को हिंसा में तब्दील हो गया. लेह की सड़कों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई झड़पों ने हालात बिगाड़ दिए. उपद्रव में चार लोगों की मौत हो गई और 70 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. स्थिति काबू से बाहर होती देख प्रशासन ने लेह व कारगिल में कर्फ्यू लगा दिया है एवं इंटरनेट स्पीड भी घटा दी है. पूरे इलाके में पुलिस और सीआरपीएफ की भारी तैनाती कर दी गई है . सूत्र बताते हैं कि लेह पुलिस ने हिंसक प्रदर्शनकारियों पर एक्शन लिया है और 50 लोगों को गिरफ्तार किया है . पुलिस का कहना है कि मामले में जांच चल रही है. दोषियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा. इससे पहले बुधवार दोपहर उग्र प्रदर्शनकारियों ने लेह में राजनीतिक दल के कार्यालय और सरकारी इमारतों में आग लगा दी. पुलिस वाहनों को फूंक दिया और सुरक्षा बलों पर हमला बोला. सूत्र बताते हैं कि घायलों में 40 पुलिस और सीआरपीएफ जवान भी शामिल है. वहीं लोगों से शांति बहाल करने की अपील की जा रही है.