दूधिया पुल ढहा, सिलीगुड़ी — दार्जिलिंग रोड बंद

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट

पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में पुल टूटने समेत भूस्खलन से 18 लोगों की मौत हो गई है और कई लापता है . भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग और सिक्किम के बीच बना पुल धराशायी हो गया जिससे दोनों के बीच का संपर्क टूट गया है. सूत्र बताते हैं कि जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी और कुचबिहार में बाढ़ जैसी हालत है वहीं, दार्जिलिंग और सिक्किम के पर्यटन स्थल बंद कर दिए गए हैं.

सिलीगुड़ी/ कोलकाता/ हैदराबाद, 5 अक्टूबर 2025. पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में पुल टूटने और कई जगहों पर लैंडस्लाइड से हड़कंप मच गया है. इस आपदा में 18 लोगों की मौत हो गई और कई लोग लापता हैं. अधिकारियों की मानें तो मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है. आपदा की वजह भारी बारिश को बताया जा रहा है. पिछले कुछ दिनों से पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश का तांडव देखने को मिल रहा है. इससे नदियां पूरे उफान पर हैं. इसी बीच दार्जिलिंग और सिक्किम के बीच बना एक पुल धराशायी हो गया. जहां एक तरफ पुल टूटने से दार्जिलिंग और सिक्किम के बीच का कनेक्शन टूट गया है, तो वहीं, सड़क धंसने से दार्जिलिंग और सिलीगुड़ी के बीच बनी रोड भी ब्लॉक हो गई है.

दूधिया आयरन पुल बहा
उत्तर बंगाल में लगातार बारिश से हालात गंभीर हो गए हैं. दार्जिलिंग जिले के मिरिक में भूस्खलन से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दूधिया आयरन पुल का एक हिस्सा बह गया है, जिससे सिलीगुड़ी और मिरिक का संपर्क टूट गया है. कार्सियांग और कालिमपोंग में भी भूस्खलन हुआ है . बारिश, भूस्खलन और इससे जुड़ी घटनाओं में अभी तक 6 लोगों के मरने की खबर है. राहत और बचाव कार्य शुरू करने में भी दिक्कत आ रही है.

कई नेशनल हाईवे बंद
भारी बारिश के कारण नेशनल हाईवे 10 पर भूस्खलन देखने को मिला है. चित्रे, सेल्फी दारा समेत कई जगहों पर भूस्खलन से रास्ता बंद हो गया है. इसके अलावा नेशनल हाईवे 717 पर भी भूस्खलन हुए हैं. जबकि तीस्ता बाजार इलाके में बाढ़ के हालात बन गए हैं, जिसके कारण कालिमपोंग से दार्जिलिंग तक का रूट बंद कर दिया गया है.

प्रशासन ने जारी की चेतावनी

भारी बारिश से बिजनबाड़ी, ऋषि खोला और पेड़ोंग में कई सड़कें बंद है. एनएच 10 पर भी आवागमन रोका गया है. दार्जिलिंग, कालिमपोंग और जलपाईगुड़ी में ऑरेंज अलर्ट, जबकि अलीपुरद्वार में रेड अलर्ट जारी है . लगातार बारिश से तीस्ता, तोरसा और जलढाका नदियां उफान पर हैं. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है. वहीं, आईएमडी के मुताबिक, 7 अक्टूबर तक सिक्किम और पश्चिम बंगाल में मौसम खराब रहने की संभावना है.