
जीना है तो मरना सीखो, सीट शेयरिंग पर बोले चिराग पासवान , बीजेपी– जदयू की बढ़ाई चिंता

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
आज अपने पिता रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर याद करते हुए चिराग पासवान ने कुछ ऐसी बातें कही है, जो कि भाजपा और जदयू की चिंता बढ़ा सकती है. बता दें कि पिछले चुनाव में सम्मानजनक सीट नहीं मिलने की बात कह लोजपा एनडीए से अलग हो गए थे.
पटना/ हैदराबाद, 8 अक्टूबर 2025. बिहार विधानसभा का बिगुल बज चुका है. दो चरणों में चुनाव संपन्न होंगे. इस बीच एनडीए के घटक दलों के बीच सीट शेयरिंग को अंतिम रूप देने की कोशिश की जा रही है . एनडीए की अगुवा पार्टी भाजपा की चिंता चिराग पासवान ने बढ़ा रखी है. सूत्र बताते हैं कि बाकी सभी घटक दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर लगभग सहमति बन चुकी है, लेकिन लोजपा ( रामविलास ) के साथ बातचीत का दौरा अभी भी जारी है . इसकी पुष्टि खुद चिराग पासवान ने भी की है. उन्होंने सीट शेयरिंग को लेकर कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया है. आज अपने पिता रामविलास पासवान की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए चिराग पासवान ने कुछ ऐसी बातें कही है, जो कि भाजपा — जदयू की चिंता बढ़ा सकती है. बता दें कि पिछले चुनाव में सम्मानजनक सीट नहीं मिलने की बात कह लोजपा एनडीए से अलग हो गई थी. इसका खामियाजा नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को उठाना पड़ा था. पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को याद करते हुए चिराग पासवान ने आज लिखा, ” पापा हमेशा कहा करते थे — जुर्म करो मत, जुर्म सहो मत. जीना है तो मरना सीखो, कदम — कदम पर लड़ना सीखो. ” एक दूसरे ट्वीट में चिराग पासवान लिखते हैं, ” पापा आपकी पुण्यतिथि पर आपको मेरा नमन. मैं विश्वास दिलाता हूं कि आपके दिखाए मार्ग और आपके विजन ” बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट ” को साकार करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हूं. बिहार के समग्र और सर्वांगीण विकास का जो सपना आपने देखा था, अब समय आ गया है उसे धरातल पर उतारने का. आपने मेरे कंधों पर जो जिम्मेदारी सौंपी थी, उसे निभाना मेरे जीवन का उद्देश्य और कर्तव्य है . चिराग ने कहा, ” बिहार में लोकतंत्र का महापर्व शुरू होने जा रहा है. आगामी चुनाव आपके संकल्प को पूरा करने का अवसर है— बिहार को नई दिशा देने, हर बिहारी के सपनों को साकार करने का अवसर है. आपके द्वारा बनाई गई लोक जनशक्ति पार्टी ( रामविलास ) के कारवां को आगे बढ़ाने के लिए मैं दृढ संकल्पित हूं. पार्टी के हर एक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों का सपना है कि आगामी चुनाव में आपके सपनों को पूरा किया जा सके. पापा आपकी प्रेरणा– आशीर्वाद और आदर्श सदैव मेरे मार्गदर्शक रहेंगे. “
सीट शेयरिंग से पहले चिराग पासवान की पार्टी ने उठाया बड़ा कदम, पुराने फैसले को तत्काल प्रभाव से किया निरस्त
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है. एनडीए और महागठबंधन ने अभी तक सीट बंटवारे को अंतिम रूप नहीं दिया है. इस बीच चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी ( रामविलास ) ने बड़ा फैसला लिया है. चिराग पासवान ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जमुई से लोकसभा सांसद अरुण भारती को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है .
पुराने फैसले को चिराग ने किया निरस्त
इसके अलावा पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी को सह चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है. मंगलवार को पार्टी की ओर से आदेश जारी किया गया. इसके अलावा पार्टी ने चुनाव और अन्य गतिविधियों के संचालन के लिए बनाए गए प्रभारियों की सूची संबंधी परिपत्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है.
कितने सीट चाहते हैं चिराग पासवान ?
पहले चरण के लिए 6 नवंबर को मतदान होगा . जबकि दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोटिंग होगी. वहीं नतीजा 14 नवंबर को आएंगे. सूत्र बताते हैं कि चिराग पासवान एनडीए गठबंधन में कम से कम 35 सीटें चाहते हैं. इसको लेकर उन्होंने केंद्रीय मंत्री और बिहार बीजेपी प्रदेश प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की है. इस दौरान बिहार के मंत्री मंगल पांडे और बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े भी मौजूद थे. महागठबंधन और एनडीए दोनों ही दालों में सीट बंटवारे को लेकर अभी भी पेंच फंसा हुआ है. बीजेपी के एक और सहयोगी हिंदुस्तान आवामी मोर्चा के प्रमुख जीतन राम मांझी ने तो यहां तक कह दिया कि अगर उन्हें 15 सीटें नहीं मिली तो वह 100 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ सकते हैं. इस बीच माना जा रहा है कि महागठबंधन में भी कांग्रेस 70 से कम सीटों पर राजी नहीं है. वहीं सीपीआई ( माले ) भी इस बार 19 से अधिक सीटें चाहती है.