जुबली हिल्स उपचुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, फर्जी वोटर आईडी बांटने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह रिपोर्ट
तेलंगाना के जुबली हिल्स उपचुनाव से पहले कांग्रेस नेता नवीन यादव पर फर्जी वोटर आईडी बांटने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई है. आरोप है कि नवीन यादव ने स्थानीय लोगों में वोटर आईडी कार्ड बांटे, जिनमें आधिकारिक होलोग्राम नहीं था. यह मामला गंभीर चुनावी अपराध माना जा रहा है + हैदराबाद, 9 अक्टूबर 2025. तेलंगाना की जुबली हिल्स विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है. कांग्रेस नेता नवीन यादव पर फर्जी वोटर पहचान पत्र ( ईपिक ) बांटने का गंभीर आरोप लगा है. इस मामले में यहां के मधुरा नगर पुलिस थाने में नवीन यादव के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है . चुनाव अधिकारी और
मेडक सांसद रघुनंदन राव की शिकायत के बाद नवीन यादव पर यह कार्रवाई की गई है.
नवीन यादव पर क्या है आरोप ?
‘ नमस्ते तेलंगाना’ अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, नवीन यादव ने युसूफगुडा चेक पोस्ट ( सरकारी स्कूल के समीप) स्थित कांग्रेस कार्यालय में बीते 2 अक्टूबर को एक ‘ वोटर कार्ड वितरण कार्यक्रम’ में कांग्रेस के बैनर लगाए गए थे और कई सियासी नेता मौजूद थे. आरोप है कि नवीन यादव ने इस दौरान स्थानीय लोगों में वोटर आईडी कार्ड बांटे, जो मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश थी . प्रारंभिक जांच में पता चला है कि नवीन यादव ने वोटरों से उनके ई — ईपिक की कॉपी ली और उन्हें प्रिंट करवाकर लैमिनेटेड रूप में बांटा.
कई धाराओं में दर्ज हुआ केस
तस्वीरों और वीडियो में दिख रहा है कि इन वोटर आईडी कार्डों पर आधिकारिक होलोग्राम नहीं था, जिसके कारण इन्हें फर्जी माना जा रहा है. ऐसा करना चुनावी कानूनों के तहत रिश्वतखोरी या अनुचित प्रभाव डालने का मामला माना जा सकता है. मेडक के सांसद रघुनंदन राव ने इस मामले की शिकायत चुनाव आयोग से की थी. उनकी शिकायत के आधार पर जुबली हिल्स के चुनाव अधिकारी रजनीकांत रेड्डी ने बीते 6 अक्टूबर को शाम 7 :10 बजे
मधुरा नगर पुलिस थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज की. पुलिस ने नवीन यादव के खिलाफ शिकायत नंबर 655/ 2025 दर्ज की है एवं भा. द. विधान की धारा 170, 171, 174 और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.
क्या कहता है कानून ?
चुनावी नियमों के तहत, मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करना गंभीर अपराध है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर यह साबित हो जाता है कि नवीन यादव ने फर्जी वोटर कार्ड बांटकर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश की, तो यह एक गंभीर बात होगी. शिकायतकर्ता मेडक सांसद रघुनंदन राघव ने इस मामले पर कडा रुख अपनाते हुए कहा,’ यह लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है. फर्जी वोटर कार्ड बांटकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की गई है. हम चाहते हैं कि इस मामले की गहन जांच हो और दोषियों को सजा मिले.’ वहीं, नवीन यादव या कांग्रेस पार्टी की ओर से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
कांग्रेस के लिए क्यों है बड़ा झटका ?
जुबली हिल्स उपचुनाव के नजदीक आते ही यह मामला कांग्रेस के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है.
राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि नवीन यादव को जुबली हिल्स से कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी बन सकती है. ऐसे में उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होना पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
