
विवादों में घिरी मारिया कोरिना मचाडो, क्यों हो रही नोबेल पुरस्कार वापस लेने की मांग ?

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
मारिया कोरिना माचाड़ो को 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार मिला है, जिसे वेनेजुएला में लोकतंत्र को बढ़ावा देने और तानाशाही के खिलाफ उनके संघर्ष के लिए दिया गया है. हालांकि, गाजा पर इजरायली बमबारी का समर्थन करने और अपनी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए विदेशी ताकतों की मदद मांगने के कारण मारिया विवादों में घिर गई हैं.
वेनेजुएला / नई दिल्ली/ हैदराबाद, 11 अक्टूबर 2025. वेनेजुएला की मारिया कोरिना माचाडो को नोबेल शांति पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया है. हालांकि, नोबेल पीस प्राइज के ऐलान के बाद से ही मारिया का नाम विवादों में घिर गया है. मारिया इजरायल के द्वारा गाजा पर बमबारी की बड़ी समर्थक मानी जाती है. साथ ही मारिया अपने खुद के देश में सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए विदेशी ताकतों की मदद लेने से भी नहीं कतराती हैं. वेनेजुएला की विपक्षी पार्टी का जाना – माना चेहरा मानी जाने वाली मारिया प्रो — डेमोक्रेसी मूवमेंट में भी अहम रोल निभा चुकी हैं. बीते दिन नोबेल समिति ने शांति पुरस्कार के लिए मारिया के नाम की घोषणा की थी. नोबेल समिति के मुताबिक, लोकतंत्र को बढ़ावा देने और वेनेजुएला में तानाशाही के खिलाफ डटकर खड़े रहने के लिए मारिया को यह पुरस्कार दिया जाएगा.
मारिया को नोबेल मिलने के बाद व्हाइट हाउस ने इस फैसले की आलोचना करते हुए राजनीति को शांति से ऊपर रखने का आरोप लगाया. हालांकि, बाद में मारिया ने इस नोबल को डोनाल्ड ट्रंप को समर्पित कर दिया, इसके बाद ट्रंप ने कहा कि वो मारिया के लिए बहुत खुश हैं. वहीं, नोबेल समिति ने मारिया के नाम का ऐलान करते हुए कहा –” पिछले कुछ सालों में मारिया को छिपकर रहना पड़ा. उनकी जान को खतरा था, फिर भी वो देश छोड़कर नहीं गई. वेनेजुएला में रहना उनका फैसला था, जिससे कई लोगों को प्रेरणा मिली. जब तानाशाही सत्ता पर कब्जा कर लेते हैं, तो स्वतंत्रता के लिए लड़ने और सत्ता का विरोध करने वाले लोगों की पहचान करना जरूरी होता है. “
मारिया की हो रही आलोचना
हालांकि, नोबेल शांति के इस फैसले की कई लोग आलोचना कर रहे हैं. इसके पीछे कई बड़ी वजहें मौजूद हैं. दरअसल, मारिया इजरायल की कट्टर समर्थक हैं. मारिया कई बार गाजा पर इसराइली हमले को सही ठहराती रही हैं. इसके कई उदाहरण उनकी पुरानी सोशल मीडिया पोस्ट में देखे जा सकते हैं.