हैदराबाद में दिवाली जश्न के दौरान 47 लोग जख्मी, 2 कारें जलकर खाक

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट

हैदराबाद, 21 अक्टूबर, 2025. हैदराबाद के आसपास के इलाकों में दिवाली जश्न के दौरान कम से कम 47 लोग घायल हो गए. यहां के मेहंदीपट्टनम स्थित शासकीय सरोजिनी देवी आई हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने बताया कि सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक 20 बच्चों समेत 47 लोगों को अस्पताल लाया गया है. सरोजिनी देवी नेत्र अस्पताल की सहायक प्रोफेसर आफरीन खादर के मुताबिक, इलाज के लिए अस्पताल आने वाले लोगों में 18 लोग गंभीर रूप से घायल हैं . जिनका इलाज किया जा रहा है. जबकि अन्य को मामूली चोटें आई है. ज्यादातर लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, 7 डॉक्टरों की टीम द्वारा घायलों का इलाज किया जा रहा है. सूत्र बताते हैं कि कुछ लोग पटाखे फोड़ते समय घायल हुए, जबकि अन्य पास में जलाए गए पटाखों की चपेट में आकर जख्मी हुए हैं. शहर और आसपास के इलाकों में घायल हुए कुछ लोगों ने इलाज के लिए निजी अस्पतालों का भी रुख किया. हालांकि डॉक्टरों ने लोगों से पटाखे फोड़ते समय खुद को चोट से बचने के लिए सभी सावधानियां बरतने की सलाह दी है . इस बीच, दिवाली जश्न के दौरान हैदराबाद में 4 जगहों पर आग लगने की घटनाएं हुई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि, इन दुर्घटनाओं में संपत्ति का भारी नुकसान होने की खबर है. शहर के मध्य में सुल्तान बाजार थाना क्षेत्र के जामबाग रोड स्थित एक समारोह हॉल में आग लग गई . दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. वहीं परिसर में रखी सजावट की सामग्री जलकर खाक हो गई . दूसरी तरफ बेगम बाजार इलाके में भी आग लगने की खबर मिली है. पटाखे की दुकान के पास एक अपार्टमेंट में आग लग गई. अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाई . जबकि बहादुरपुरा इलाके में भी एक कबाड़ गोदाम में आग लग गई और तीन दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. इस घटना में 2 कारें भी जल गई. खबर है कि यहां के मंगलहट इलाके में भी आग लगने की एक और घटना हुई. पुलिस के मुताबिक, जलते हुए पटाखों के कारण पतंग बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई. जिसमें पतंगे और उससे संबंधित सामग्री जलकर खाक हो गई . अधिकारियों ने बताया कि सभी घटनाओं में आज पटाखों के कारण लगी. पुलिस मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.