
तेजस्वी ही हैं महागठबंधन के सीएम फेस, विपक्ष ने पूछा– एनडीए का चेहरा कौन ?

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने महागठबंधन की तरफ से तेजस्वी यादव को बिहार के मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर पेश किया है.
पटना/ हैदराबाद, 23 अक्टूबर, 2025. साथ ही महागठबंधन ने घोषणा की है कि बिहार में उसकी सरकार बनने पर दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे, इनमें से एक डिप्टी सीएम विकासशील इंसान पार्टी के मुकेश सहनी होंगे.
गहलोत ने कहा, ” तेजस्वी एक नौजवान है, इनका लंबा फ्यूचर है. जितना लंबा फ्यूचर होता है जनता उसका साथ देती है. ये नौजवान हैं और कमिटमेंट रखते हैं. पिछली बार उन्होंने जो नौकरी के स्लोगन दिए थे, जो वादे किए थे उसमें खरे उतरे. ” संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजद के नेता तेजस्वी यादव, मनोज झा, कांग्रेस नेता अशोक गहलोत, पवन खेड़ा, सीपीआईएमएल के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी समेत महागठबंधन के सहयोगी दलों के अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद थे . गहलोत बुधवार को पटना पहुंचे थे और माना जाता है कि उन्होंने महागठबंधन से जुड़े कई मुद्दों पर सहयोगी दलों के बीच सहमति बनाने में अहम भूमिका निभाई. अशोक गहलोत ने कहा है कि पूरा देश बिहार की तरफ देख रहा है और बिहार बदलाव चाहता है. उन्होंने कहा, ” राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने मिलकर जो यात्रा की थी उसका बहुत असर हुआ है. आने वाले वक्त में राहुल गांधी भी आएंगे और प्रियंका भी बिहार आएंगी. ” अशोक गहलोत ने एनडीए से उसके सीएम पद के चेहरे के बारे में पूछा. उन्होंने कहा, ” हम पूछना चाहते हैं कि मुख्यमंत्री का आपका अगला चेहरा कौन हैं ? यह हमारी मांग है क्योंकि महाराष्ट्र में कहा गया कि शिंदे के चेहरे पर चुनाव लड़ा जाएगा और बाद में किसी और को मुख्यमंत्री बना दिया, यही बात यहां लागू हो रही है. ” वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा कि वो मुख्यमंत्री बनने या सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि बिहार बदलने के लिए काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ” हमारी तो ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस भी हो गई लेकिन हम लोग नीतीश कुमार के साथ जो एनडीए में अन्याय हो रहा है, वो देख रहे हैं. ” ” एनडीए की एक भी ज्वाइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं हुई है, न ही संयुक्त रूप से उन्हें मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित किया है. हम कह रहे हैं कि वो नीतीश कुमार को दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनाएंगे, अमित शाह ने तो ये संदेश भी दे दिया है. हमेशा आप मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करते हैं लेकिन इस बार आप घोषणा क्यों नहीं कर रहे हैं. ” इससे पहले महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस वाली जगह पर एक पोस्टर में महागठबंधन के सहयोगी दलों के चुनाव चिन्ह जरूर नजर आए, लेकिन इसके नेता के तौर पर अकेले तेजस्वी यादव की तस्वीर ने कई लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा. इस पर स्पष्ट तौर पर लिखा गया,’ बिहार मांगे तेजस्वी सरकार और चलो बिहार बदल दें.’ माना यह गया कि यह तेजस्वी यादव को महागठबंधन का चेहरा बनाने की मांग का संकेत है.