कांग्रेस की जीत पक्की कर दी ?

तेलंगाना की जुबली हिल्स विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए अब तस्वीर साफ हो गई है. हैदराबाद यूथ करेज के फाउंडर सलमान खान का पर्चा रद्द होने के बाद इस सीट पर कांग्रेस, बीजेपी और बीआरएस में मुकाबला होगा.
ओवैसी की पार्टी aimim– ने इस सीट पर कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है .


हैदराबाद, 24 अक्टूबर, 2025. बिहार विधानसभा चुनावों के साथ ही सात राज्यों की आठ विधानसभा के लिए उपचुनाव हो रहा है. इनमें तेलंगाना की हाई प्रोफाइल जुबली हिल्स सीट भी शामिल है. बिहार भले ही असदुद्दीन ओवैसी की अगुवाई वाली aimim– और महागठबंधन में बात नहीं बन पाई लेकिन असदुद्दीन ओवैसी ने अपने गढ़ हैदराबाद की जुबली हिल्स सीट पर कांग्रेस का समर्थन करने का ऐलान किया है. इसके बाद चर्चा छिड़ी है कि क्या भाईजान के समर्थन से कांग्रेस की जीत पक्की हो गई है या फिर पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की अगुवाई वाली बीआरएस इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखेगी . इस सीट पर बीआरएस ने यहां से तीन बार जीते पार्टी के विधायक मंगाटि गोपीनाथ की पत्नी सुनीता को मैदान में उतारा है तो वहीं कांग्रेस ने नवीन यादव को टिकट दिया है. जबकि भाजपा ने लंकाला दीपक रेड्डी को प्रत्याशी बनाया है.

सबके लिए अहम जुबली हिल्स उपचुनाव
जुबली हिल्स सीट पर अभी तक चार चुनाव हुए हैं. इनमें एक बार कांग्रेस और तीन बार लगातार बीआरएस जीती है. ऐसे में फिर से मुकाबला बीआरएस और कांग्रेस के बीच होने की उम्मीद की जा रही है लेकिन बीजेपी ने मुकाबला को त्रिकोणीय बना दिया तो दोनों दलों को दिक्कत हो सकती है. इस चुनावों में कांग्रेस, बीआरएस और बीजेपी तीनों ताकत झोंक रहे हैं. हालांकि, चुनाव परिणाम से रेवंत रेड्डी के कामकाज पर मुहर लगेगी तो
वहीं, दूसरी ओर केसीआर की लोकप्रियता का अनुमान लगेगा. इतना ही नहीं, तेलंगाना बीजेपी प्रमुख एन रामचंदर राव की क्षमता का टेस्ट भी इस चुनाव से होगा. इस सीट पर उपचुनाव 11 नवंबर को होगा जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी. पिछले चुनाव में बीआरएस ने यह सीट 16 हजार से अधिक वोटर के अंतर से जीती थी. कांग्रेस के कैंडिडेट मोहम्मद अजहरूद्दीन दूसरे नंबर पर रहे थे. उन्हें 64 हजार से अधिक वोट मिले थे. वहीं, बीजेपी के कैंडिडेट लंकाला दीपक रेड्डी तीसरे नंबर पर रहे थे. उन्हें करीब 26 हजार वोट मिले थे.

ओवैसी ने क्यों दिया कांग्रेस को समर्थन

aimim अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने 11 नवंबर को होने वाले जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार नवीन यादव का समर्थन का ऐलान किया है. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करने का फैसला किया है क्योंकि परिणाम से मौजूदा सरकार को कोई नफा या नुकसान नहीं होगा और यादव के नेतृत्व में विकास संभव है. ओवैसी ने कहा कि जुबली हिल्स के लोगों से हमारी अपील है कि जिन्होंने पिछले 10 वर्षों से बीआरएस का समर्थन किया है, अब मैं आपसे नवीन यादव को वोट देने का अनुरोध करता हूं, जो युवा हैं और जुबली हिल्स में विकास ला सकते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस पिछले 10 वर्षों से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहने के बावजूद यहां कोई विकास कार्य करने में सफल नहीं हुई.
पिछले चुनाव में ओवैसी ने कैंडिडेट उतरा था. तब उन्हें 7848 वोट मिले थे. जुबली हिल्स सीट सिकंदराबाद लोकसभा क्षेत्र में आती है . इस सीट पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी का कब्जा है. ऐसे में उनकी प्रतिष्ठा भी दाव पर लगी हुई है.