कांग्रेस नेता पवन खेड़ा पहुंचे तेलंगाना हाई कोर्ट

हैदराबाद, 8 अप्रैल 2026 . कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने तेलंगाना हाई कोर्ट का रूप किया है और असम में अपने खिलाफ दर्ज मामले में अग्रिम जमानत मांगी है. यह मामला तब दर्ज किया गया था जब उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा सरमा और उनकी पत्नी रिकी भुइयां सरमा पर आरोप लगाए थे. हालांकि, उनकी याचिका अभी सूचीबद्ध नहीं हुई है. दरअसल, असम पुलिस लगातार पवन खेड़ा की तलाश कर रही है और उसने दिल्ली में खेड़ा के आवास पर छापेमारी भी की थी .

पवन खेड़ा पर असम में केस दर्ज

असम पुलिस ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है. इसमें मुख्यमंत्री हिमंत बिश्वा सरमा के परिवार को निशाना बनाने वाली टिप्पणियों से जुड़े जालसाजी, मानहानि और आपराधिक साजिश के कई आरोप शामिल है . गुवाहाटी में क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में 6 अप्रैल को दर्ज की गई पहली सूचना रिपोर्ट( एफआईआर ) मुख्यमंत्री की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा की शिकायत के आधार पर फाइल की गई थी. शिकायत में पवन खेड़ा पर 5 अप्रैल को हुई दो प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान झूठे और मनगढंत दावे करने का आरोप लगाया गया है.

कौन सी धाराएं लगाए गए

एफआईआर के मुताबिक, यह मामला भारतीय न्याय संहिता ( बीएनएस ), 2023 के कई प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया है . इनमें दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जालसाजी, फर्जी दस्तावेजों को असली के तौर पर इस्तेमाल करना, मानहानि, आपराधिक साजिश और सार्वजनिक शांति भंग करने वाले कृत्यों से संबंधित धाराएं शामिल हैं.