झारखंड में शुक्रवार को चंपई सरकार बन गई. बावजूद महागठबंधन के 36 विधायकों को हैदराबाद शिफ्ट कर दिया गया. सभी विधायक चार्टर्ड प्लेन से हैदराबाद पहुंचे . फ्लोर टेस्ट से पहले वापस रांची लौट जाएंगे .
हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो प्रमुख देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट.
रांची/हैदराबाद,3 फरवरी, 2024.चंपई सोरेन के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के साथ महागठबंधन के 36 विधायकों को रांची से हैदराबाद शिफ्ट कर दिया गया है. अब सभी विधायक 4 फरवरी( रविवार) शाम को रांची लौट जाएंगे और 5 फरवरी को झारखंड विधानसभा के फ्लोर टेस्ट के लिए बुलाए गए सत्र में शामिल होंगे. राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन राजभवन में चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिला रहे थे, इसी दौरान सर्किट हाउस से महागठबंधन के विधायक रांची एयरपोर्ट के लिए बस से रवाना हुए. एयरपोर्ट में दो चार्टर प्लेन से हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर उतरे. यहां से विधायकों को दो बसों में यहां के समीरपेट के लियोनिया रिसार्ट्स ले जाया गया. तेलंगाना के राज्य मामलों के प्रभारी दीपा दास मुंशी और मंत्री पोन्नम प्रभाकर के नेतृत्व में उन्हें रिसार्ट्स में ठहराया गया. यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संपत कुमार, कांग्रेस नेता रोहिणी रेड्डी, अनिल कुमार यादव, मल्ला रेड्डी, रामी रेड्डी रिसार्ट्स में मौजूद रहकर विधायकों का स्वागत किया. सूत्रों के मुताबिक लियोनिया रिसार्ट्स में 36 विधायकों के साथ 14 अन्य नेता भी मौजूद है . महागठबंधन के विधायकों ने हैदराबादी व्यंजनों का स्वाद चखा . जबकि विधायकों के लियोनिया रिसार्ट्स पहुंचते ही ईरानी चाय और उस्मानिया बिस्किट से उनका स्वागत किया गया . इसके बाद मिर्ची व अन्य पकड़ा शाम के नाश्ते में दिया गया. रात के भोजन में विधायकों ने हैदराबादी बिरयानी, लुख्मी, मराग, मलाई पाया, बोटी कबाब, और हलीम का स्वाद लिया . शाकाहारी में पनीर, मशरूम, मिक्स वेज, मलाई कोफ्ता, दाल की व्यवस्था थी . जबकि मिठाई में कुबानी मीठा, डबल का मीठा, जोजी हलवा भी परोसा गया. खबर है कि लियोनिया रिजॉर्ट्स में महागठबंधन के विधायकों के ठहरने के लिए उत्तम प्रबंध किया गया है. वहीं, हर चार विधायकों के साथ एक केयरटेकर नियुक्त किया गया है. कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता से लेकर कांग्रेस मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार के मंत्री और पार्टी के स्थानीय नेता इस काम में लगे हुए हैं. दूसरी तरफ रिसार्ट्स के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. विधायकों की मनाही है और लियोनिया रिजॉर्ट्स में ही सारी सुख सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही है.