

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को आगरा में एक जनसभा के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रविवार को उत्तर प्रदेश के आगरा शहर पहुंची, जहां एक जनसभा का आयोजन किया गया था

हैदराबाद से तेलंगाना ब्यूरो प्रमुख देहाती विश्वनाथ की यह
विशेष रिपोर्ट : आगरा/हैदराबाद,25 फरवरी,2024. लोगों को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, ” जनता जनार्दन का यह सैलाब क्यों उमड़ा है? क्योंकि युवाओं के लिए रोजगार नहीं है. भ्रष्टाचार और पेपर लीक से सुरक्षा नहीं है. भविष्य में उम्मीद नहीं है. किसानों के लिए उचित सुविधा और उचित दाम नहीं है.
महिलाओं के लिए सुरक्षा नहीं है.
वंचितों के लिए हिस्सेदारी नहीं है. इस रैली में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद थे. प्रियंका गांधी ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया . प्रियंका गांधी ने कहा, आज दिल से अखिलेश यादव का भारत जोड़ो न्याय यात्रा में बहुत-बहुत अभिनंदन है. आज बहुत खुशी का दिन है कि अखिलेश और राहुल मिलकर संविधान और देश के लिए लड़ने जा रहे हैं. प्रियंका गांधी ने कहा कि जो भी देशवासी बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट और अन्याय पीड़ित हैं, उसके लिए न्याय नहीं है . हम लड़ेंगे हर अन्याय के खिलाफ, जन – जन को न्याय दिलाने के लिए न्याय का हक मिलने तक. इससे पहले वह पहलीबार शनिवार को मुरादाबाद में राहुल गांधी की यात्रा में शामिल हुई थी. प्रियंका गांधी ने अपने भाई और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ खुले वाहन में लोगों को संबोधित किया. रविवार को आगरा से पहले अलीगढ़ की एक जनसभा में उन्होंने कहा,’ अन्यायकाल में बेरोजगारी सबसे बड़ा संकट बन गई है. अग्निवीर लाकर सेवा में जाने की तैयारी कर रहे नौजवानों का सपना तोड़ दिया”.’ बड़ी-बड़ी सरकारी कंपनियां उद्योगपतियों को बेच डाली. लाखों सरकारी पद खाली पड़े हैं,लेकिन सालों तक भर्तियां नहीं निकलती, निकलती है तो पेपर लीक हो जाता है .भर्तियों में भ्रष्टाचार है . आज गरीब, मजदूर, किसान, दलित आदिवासी, पिछड़े और मध्यम वर्ग के युवा निराश हैं . उनके सामने भविष्य की कोई उम्मीद नहीं बची है. राहुल की यात्रा का आज उत्तर प्रदेश में आखिरी दिन था. इस मौके पर समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव भी शामिल होने के लिए पहुंचे . गौरतलब है कि सात साल बाद यूपी में कांग्रेस के साथ सपा का चुनावी गठबंधन हुआ है. लोकसभा चुनाव को लेकर सीट शेयरिंग समझौते के बाद पहली बार एक मंच से राहुल गांधी और अखिलेश यादव जनसभा को संबोधित किया .
