एनएसयूआई ने किया मोहन भागवत का विरोध, कहा– आरएसएस प्रमुख का हिंदुत्व दिखावा
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत अपने चार दिवसीय दौरे पर वाराणसी में है. शुक्रवार को कांग्रेस की भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई ने मोहन भागवत का विरोध किया और नारेबाजी की. क्या है पूरा मामला ?
वाराणसी/ हैदराबाद, 5 अप्रैल, 2025. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ( आरएसएस ) के सर संघ चालक मोहन भागवत अपने चार दिवसीय दौरे पर काशी में है. शाम करीब 7 बजे जब मोहन भागवत का काफिला सिगरा चौराहे से गुजर रहा था तभी भारत माता मंदिर के पास एनएसयूआई से जुड़े सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने मोहन भागवत का विरोध किया और जमकर नारेबाजी की .
कार्यकर्ता मोहन भागवत को गंगाजल भेंट करने जा रहे थे
आरएसएस प्रमुख के काफिले के करीब आते ही कांग्रेस कार्यकर्ता उनकी ओर दौड़ पड़े और उनके विरोध में नारेबाजी करने लगे. हालांकि, पुलिस ने उन्हें रस्सियों से खींचकर पीछे धकेल दिया. कार्यकर्ता मोहन भागवत को गंगाजल भेंट करने जा रहे थे. उनका कहना था कि संघ प्रमुख महाकुंभ स्नान करने नहीं गए, तो हम लोग यही उन्हें गंगा स्नान कराएंगे.
पुलिस के साथ हुई धक्का – मुक्की
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ पहले कहा सुनी और बाद में धक्का – मुक्की हुई.
मौके पर मौजूद चेतगंज के एसीपी गौरव कुमार और अन्य पुलिस कर्मियों के साथ एनएसयूआई कार्यकर्ता की जोरदार बहस हो गई. हंगामा बढ़ते देख पुलिस की अन्य टुकड़ियां बुलाई गई. सूत्र बताते हैं कि 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है .
काशी में रहकर पूर्वांचल को साधेगे मोहन भागवत
आरएसएस प्रमुख पूर्वांचल के कई जिलों का भी दौरा करेंगे . संघ प्रमुख मोहन भागवत अपने दौरे के दौरान काशी के अलावा मिर्जापुर, गाजीपुर और सोनभद्र भी जाएंगे. काशी प्रवास के बाद वे 7 अप्रैल को लखनऊ के लिए रवाना होंगे, जहां वे 8 अप्रैल तक रहेंगे. इसके बाद उनका कानपुर जाने का भी कार्यक्रम है. जानकारी के मुताबिक, मोहन भागवत 30 अप्रैल को काशी में होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में फिर से शामिल हो सकते हैं.