बीजेपी के मुस्लिम नेता का भीड़ ने घर जला दिया

रविवार रात करीब 9 बजे गुस्साई भीड़ ने भाजपा नेता के आवास के बाहर एकत्र हुई, तोड़फोड़ की और बाद में घर को आग के हवाले कर दिया. भीड़ में शामिल कुछ लोग बता रहे थे कि असकर अली वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन किया था

इंफाल/ हैदराबाद, 7 अप्रैल, 2025. मणिपुर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष असकर अली के घर को रविवार रात भीड़ ने आग लगा दी, क्योंकि उन्होंने वक्फ संशोधन अधिनियम का समर्थन किया था. अधिकारियों ने बताया कि घटना थोबल जिले के लिलोंग में हुई. असकर अली ने शनिवार को सोशल मीडिया पर इस कानून के प्रति अपना समर्थन जताया था. रविवार रात करीब 9 बजे ग़ुस्साई भीड़ उनके आवास के बाहर एकत्र हुई, तोड़फोड़ की और बाद में घर को जला दिया.

दमकल कर्मियों को नहीं बुझाने दी आग
प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक, रविवार रात को थोबल जिले के लिलोंग हाओरीबी संब्रुखोंग में असकर अली के घर पर भीड़ पहुंच गई. भीड़ ने पहले संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और फिर घर में आग लगा दी. मणिपुर अग्निशमन सेवा के मौके पर पहुंचने के प्रयासों को गुस्साई भीड़ और पुलिसकर्मियों ने रोक दिया. भीड़ में ही कुछ लोग बतला रहे थे कि असकर अली वक्फ संशोधन विधेयक का समर्थन किया था और इसके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर टिप्पणी की थी . उन्होंने कहा कि इसके बाद गुस्साई भीड़ ने अली के घर में तोड़फोड़ की और आग लगा दी .

असकर अली ने मांगी माफी
इस घटना के बाद असकर अली ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपने पिछले बयान के लिए माफी मांगी और इस कानून के प्रति विरोध भी जताया. असकर अली ने अपने रुख के लिए माफी मांगी और सरकार से वक्फ अधिनियम को निरस्त करने का आग्रह किया . उन्होंने कहा, हाल ही में लोकसभा और राज्यसभा में पारित हुए वक्फ विधेयक के संबंध में मैंने सोशल मीडिया पर विधेयक का समर्थन करते हुए
कुछ पोस्ट साझा किया था. मैं पूरे मुस्लिम समुदाय और मीतई पंगलों से माफी मांगता हूं. अब मैं सरकार से भी आग्रह करता हूं कि वह जल्द से जल्द इस विधेयक को निरस्त करें, जिसे अधिनियम में बदल दिया गया है. इसके पहले दिन वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ मणिपुर में इंफाल घाटी के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए. जिसमें 8 हजार से अधिक लोगों ने एक रैली निकाली, इस वजह से लिलोंग में राष्ट्रीय राजमार्ग 102 पर यातायात बुरी तरह बाधित रहा.