कांग्रेस का 84वाँ अधिवेशन में राहुल गांधी बोले – हम दलित, मुस्लिम- ब्राह्मण में उलझे रहे, ओबीसी साथ छोड़ गया
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में मंगलवार को राहुल गांधी ने कहा कि हम दलित, मुस्लिम और ब्राह्मण में उलझे रहे और ओबीसी हमारा साथ छोड़ गया .
अहमदाबाद/ हैदराबाद, 8 अप्रैल, 2025. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी ने अहमदाबाद के सरदार पटेल मेमोरियल में यह भी कहा कि हम मुस्लिम की बात करते हैं, इसीलिए हमें मुस्लिम परस्त कहा जाता है . हमें ऐसी बातों से डरना नहीं है. मुद्दे उठाते रहना है.
खड़गे बोले — बीजेपी– संघ के लोग गांधी जी का चश्मा — छड़ी चुरा सकते हैं, लेकिन उनके आदर्श नहीं
अधिवेशन को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की विचारधारा आरएसएस के विचारों के विपरीत है . यह हास्यास्पद है कि आज वह संगठन, जिसका स्वतंत्रता संग्राम में कोई योगदान नहीं रहा, उनकी विरासत का दावा कर रहा है . खड़गे ने आरोप लगाया कि आज भाजपा और संघ परिवार के लोग गांधी से जुड़ी संस्थानों पर कब्जा कर रहे हैं और उनके वैचारिक विरोधियों को सौंप रहे हैं. उन्होंने वाराणसी में सर्व सेवा संघ पर भी कब्जा कर लिया है . आप लोग जानते हैं, गुजरात विद्यापीठ में क्या हुआ. खड़गे ने आरोप लगाया कि गांधीवादी और सहकारी आंदोलन के लोगों को हाशिए पर रखा जा रहा है. ऐसी सोच रखने वाले लोग गांधी जी का चश्मा चुरा सकते हैं और छड़ी मार सकते हैं, लेकिन वह कभी उनके आदर्शों का पालन नहीं कर सकते. खड़गे अहमदाबाद में कांग्रेस के 84वें अधिवेशन में बोल रहे थे.
गुजरात में 64 साल बाद हो रहा अधिवेशन
गुजरात में 64 साल बाद पार्टी यह कार्यक्रम कर रही है. इससे पहले 1961 में गुजरात के भावनगर में अधिवेशन हुआ था. यह आजादी के बाद गुजरात में कांग्रेस का पहला कार्यक्रम था . कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी आज सुबह करीब 10:30 बजे अहमदाबाद पहुंचे. लेकिन आज प्रियंका गांधी अहमदाबाद नहीं पहुंच पाई . वही कल की मीटिंग के लिए देर शाम चार्टर्ड प्लेन से 80 कांग्रेस नेता अहमदाबाद पहुंच चुके हैं. बैठक में राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक प्रस्ताव पास किए गए जबकि आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी अपना रोड मैप तैयार किया.