तेजस्वी बोले – बिहार को चाहिए नया सीएम

तेजस्वी बोले — बिहार को चाहिए नया सीएम, इंडिया करेगा एनडीए को साफ

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में इस बार जनता का मूड बदलाव का है. जनता ने खटारा सरकार के सिस्टम को नकार दिया है. लोग अब ऊब चुके हैं. उन्हें ऐसा मुख्यमंत्री चाहिए जो ऊर्जा से भरा हो, जो विकास कर सके

राघोपुर/ पटना/ हैदराबाद, 9 अप्रैल, 2025. बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सह राजद नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मुख्यमंत्री पद को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अब बिहार को थका — हारा नहीं, बल्कि नया और काम करने वाला मुख्यमंत्री चाहिए . उन्होंने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार से एनडीए का सफाया होगा. इंडिया गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ेगा.

” खटारा सिस्टम को नकार चुकी है जनता”

तेजस्वी यादव ने स्पष्ट कहा कि बिहार में इस बार जनता का मूड बदलाव का है. उन्होंने कहा कि बिहार की
जनता ने खटारा सरकार के सिस्टम को नकार दिया है. लोग अब ऊब चुके हैं . उन्हें ऐसा मुख्यमंत्री चाहिए जो ऊर्जा से भरा हो, जो विकास कर सके. उन्होंने यह भी कहा कि इंडिया गठबंधन मजबूती से मैदान में उतरेगा और एनडीए को हर हाल में सत्ता से बाहर करेगा.

कांग्रेस ने अब तक एक भी सीट नहीं मांगी

सीट बंटवारे
के सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्षी गठबंधन में फिलहाल बातचीत जारी है, लेकिन कांग्रेस की ओर से अभी तक एक भी सीट की औपचारिक मांग नहीं की गई है. यह बयान तब आया है जब विपक्षी दल विकासशील इंसान पार्टी( वीआईपी ) के नेता मुकेश सहनी द्वारा 60 सीटों की मांग को लेकर सवाल पूछा गया. तेजस्वी यादव ने कहा कि गठबंधन के सभी घटक दलों से उचित संवाद होगा और जो फैसला होगा, वह सामूहिक रूप से लिया जाएगा.

राहुल गांधी की यात्रा और कांग्रेस की गुटबाजी पर साधी चुप्पी

बिहार में कांग्रेस की ‘ पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा’
और उसमें कन्हैया कुमार के साथ चल रही गुटबाजी और कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट पर तेजस्वी यादव ने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं है. उन्होंने राहुल गांधी से जुड़े किसी भी सवाल को टालते हुए साफ कर दिया कि वह फिलहाल इंडिया गठबंधन की तैयारियों और बिहार में सरकार बदलने की दिशा में काम कर रहे हैं.