ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस में अंदरखाने क्या सब कुछ ठीक चल रहा है ?

पश्चिम बंगाल में ठीक एक साल बाद होने वाले अह विधानसभा चुनाव से पहले क्या सतारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में अंदर खाने सब कुछ ठीक चल रहा है ?

कोलकाता/ नई दिल्ली/ हैदराबाद, 11 अप्रैल, 2025. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई कहासुनी सार्वजनिक होने और सौगत राय जैसे अनुभवी नेताओं के जमकर भड़ास निकालने के बाद यहां राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठ रहा है. पार्टी में नया बनाम पुराना विवाद तो पुराना है. लेकिन अब पार्टी के तीन वरिष्ठ नेताओं की आपसी कलह भी खुलकर सामने आ गई है. हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह दरअसल, अहम की लड़ाई है. विवाद के केंद्र में रहे तीनों नेता यानी महुआ मोईत्रा, कल्याण बनर्जी और सौगत राय अपने-अपने इलाके में बेहद मजबूत हैं और पार्टी के लिए उनकी काफी अहमियत है . वैसे, पार्टी की महिला सांसद महुआ मोईत्रा अब लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के मुख्य सचेतक कल्याण बनर्जी के बीच इससे पहले भी सार्वजनिक रूप से बहस हो चुकी है . पार्टी केक वरिष्ठ नेता नाम नहीं छापने की शर्त पर बताते हैं कि महुआ ने मुख्यमंत्री और पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी से इस मामले की लिखित शिकायत भी की है लेकिन मौजूदा राजनीतिक समीकरण कुछ ऐसे हैं कि ममता इन तीनों में किसी को भी नाराज करने का खतरा मोल नहीं ले सकती. उस नेता का कहना था कि ताजा विवाद के बाद ममता ने तीनों नेताओं से अलग-अलग बात की है.

क्या है ताजा विवाद की वजह ?

तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि ताजा विवाद की वजह चुनाव आयोग में जाने वाले प्रतिनिधि मंडल में महिला सांसद महुआ का नाम ऐन वक्त पर कट जाना था. उनकी जगह एक अन्य महिला सांसद काकोली घोष दस्तीदार का नाम जोड़ दिया गया था. लेकिन वह मौके पर मौजूद ही नहीं थी . इस मुद्दे पर महुआ और कल्याण बनर्जी की कहासुनी हो गई. पार्टी के वरिष्ठ नेता सौगत राय ने कोलकाता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि बनर्जी के साथ बहस के बाद महुआ मोइत्रा रोने लगी थी. बनर्जी को मुख्य सचेतक के पद से हटा दिया जाना चाहिए. उन्होंने पार्टी की छवि को धक्का पहुंचाया है. बनर्जी और महुआ के बीच हुई बहस के दौरान सौगत राय चुनाव आयोग के दफ्तर में मौजूद नहीं थे लेकिन उन्होंने कहा, ” मैंने बाद में महुआ को रोते हुए और दूसरे सांसदों से बनर्जी की शिकायत करते देखा था. कल्याण पहले भी विवादित काम करते रहे हैं. “

पार्टी करेगी कार्रवाई का फैसला

दूसरी ओर हुगली जिले के श्रीरामपुर से सांसद कल्याण बनर्जी का भी बयान आया है. उन्होंने दिल्ली में अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में महुआ का नाम लिए बिना कहा, ” महिला सांसद ने मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों से मुझे गिरफ्तार करने को कह दिया . वह फर्राटेदार अंग्रेजी बोलती है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह किसी का भी अपमान कर सकती हैं. कल्याण बनर्जी ने पार्टी सांसद सौगत राय पर भी पलटवार किया है . उनका कहना था, ” सौगात दा ने कई मौकों पर पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाया है. वह साल 2001 से ही मुझे नापसंद करते हैं. इसके जवाब में सौगत राय ने कोलकाता में पत्रकारों से कहा, ” पता नहीं वह ( कल्याण बनर्जी) मुझे निशाना क्यों बना रहे हैं. अब उनके खिलाफ कार्रवाई का फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा. “