दुनिया भर की कंपनियां तेलंगाना में निवेश करने में दिखा रही रुचि : डिप्टी सीएम भट्टी
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क ने खुलासा किया कि सरकार ने 2035 तक राज्य में 40 हजार मेगावाट हरित ऊर्जा( ग्रीन पावर) का उत्पादन करने के उद्देश्य से योजना बनाई है. इस योजना को कार्यान्वयन के हिस्से के रूप में, बीते जनवरी में एक स्वच्छ और हरित ऊर्जा नीति उपलब्ध कराई गई थी . उन्होंने कहा दुनिया भर की कंपनियां तेलंगाना में निवेश करने को लेकर रुचि दिखा रही है
हैदराबाद, 18 अप्रैल, 2025. बुधवार को हैदराबाद स्थित राजेंद्रनगर में तेलंगाना ग्रामीण विकास निगम परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में, ई – कोरन एनर्जी इंडिया प्रा. लि. और जीपीएस रिन्यूबल्स आर्य प्रा. लि. ने उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी में रेडको के साथ 27 हजार करोड रुपए का निवेश करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए. इस मौके पर मंत्री भट्टी विक्रमार्क ने बात की और कहा, ” इन दोनों कंपनियों ने 5 हजार
600 मेगावाट के ग्रीन एनर्जी प्लांट लगाने के लिए समझौता किया है . हाल ही में जब मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी दावोस गए थे, तो वहां सन पेट्रो नामक कंपनी ने 3 हजार 400 मेगावाट क्षमता के पंप स्टोरेज बिजली उत्पादन में 20 हजार करोड रुपए निवेश करने के लिए समझौता किया था . इसी तरह मेघा कंपनी 7 हजार 500 करोड रुपए के निवेश से 1 हजार 500 मेगावाट बिजली उत्पादन के लिए आगे आई. भले ही राज्य में बिजली की मांग तेजी से बढ़कर 17 हजार 162 मेगावाट हो गई है, लेकिन हम बिना किसी कटौती के बिजली आपूर्ति कर रहे हैं. ” ऐसा मंत्री भट्टी विक्रमार्क का कहना है .