वक्फ कानून के विरोध में मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन, ओवैसी समेत कई विपक्षी नेता शामिल
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
महाराष्ट्र में 27 अप्रैल को वक्फ कानून के खिलाफ मुस्लिम संगठन इकट्ठा होंगे. वहीं 30 अप्रैल को पूरे देश में बत्ती गुल कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है, जिसके तहत देशभर में मुस्लिम समाज के लोग रात को 9 बजे अपने-अपने घरों की बिजली बंद करेंगे.
नई दिल्ली/ हैदराबाद, 22 अप्रैल, 2025. दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने वक्फ कानून के खिलाफ आज यानी मंगलवार को बड़े प्रोटेस्ट’ तहफ्फुज – ए औकाफ कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया है, जिसमें मुस्लिम समाज के बड़े नेता शिरकत कर रहे हैं. एआईएमपी एलबी के अध्यक्ष सैफुल्ला रहमानी, उपाध्यक्ष उबैदुल्ला आजमी, महासचिव अब्दुल रहीम मुजुद्दिदी, हैदराबाद के सांसद और एआइएमआइएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, जमीयत उलेमा- ए – हिंद के महासचिव मौलाना महमूद मदनी, जमात — ए – इस्लामी हिंद के अध्यक्ष सदतुल्ला हुसैनी समेत कई विपक्षी दलों के प्रतिनिधि भी इस विरोध प्रदर्शन में शिरकत कर रहे हैं. वहीं, जमात- ए – इस्लामी हिंद ने नए वक्फ कानून को तत्काल निरस्त करने का आह्वान किया है और लोगों से ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के नेतृत्व में इस कानून के खिलाफ अभियान को समर्थन देने की गुजारिश की है . वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ मुस्लिम संगठनों ने अपना आंदोलन तेज करने की पूरी रूपरेखा तैयार की है. आगामी 24 अप्रैल को दिल्ली के इंडिया इस्लामिक सेंटर में जमात — ए — इस्लामी के लीगल विंग द्वारा वक्फ बचाओ सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. वहीं, 26 अप्रैल को कोलकाता में मुस्लिम संगठनों द्वारा वक्फ बचाओ सम्मेलन होगा. खबर है कि महाराष्ट्र में 27 अप्रैल को वक्फ कानून के खिलाफ मुस्लिम संगठन इकट्ठा होंगे. जबकि 30 अप्रैल को पूरे देश भर में बत्ती गुल कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है, जिसके तहत देशभर में मुस्लिम समाज के लोग रात 9 बजे अपने अपने घरों की बिजली बंद करेंगे. जानकारी के मुताबिक, पहली मई को जमशेदपुर में मुस्लिम संगठन इस आंदोलन में उतरेंगे. जबकि वक्फ कानून को लेकर 3 और 4 मई को देवबंद में बैठक बुलाई गई है.