हैदराबाद में पकड़े गए 2 अवैध बांग्लादेशी नागरिक

हैदराबाद में पकड़े गए 2 अवैध बांग्लादेशी नागरिक, एक ने तो वोटर आईडी भी बनवा ली थी

हैदराबाद में दो बांग्लादेशी नागरिक फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़े गए हैं. एक ने पहचान छिपाकर महिला से शादी की और भारतीय नागरिक बनने के लिए दस्तावेजों की हेराफेरी की.

हैदराबाद, 23 अप्रैल, 2025. तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में पुलिस ने बुधवार को दो बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने और फर्जी दस्तावेजों के साथ यहां के मलकपेट में रहने के आरोप में हिरासत में ले लिया. दोनों अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान मोहम्मद हसीबुल और रोहन साहा के रूप में हुई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दोनों ढाका के रहने वाले हैं और कथित तौर पर ‘ अवैध ‘ गतिविधियों में शामिल थे. पुलिस ने चार अन्य लोगों को भी पकड़ा है, जिन्होंने इनके लिए फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और अन्य भारतीय दस्तावेज तैयार किए थे.

4 साल पहले अवैध रूप से भारत में घुसा था
पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय हसीबुल 4 साल पहले बांग्लादेश से भारत— बांग्लादेश सीमा पर पश्चिम बंगाल के बोंगांव के रास्ते अवैध रूप से भारत में घुसा था. उसने तस्करों को 25 हजार रुपए का भुगतान किया था. कोलकाता में उसने कराटे ट्रेनर के रूप में काम किया और अपना नाम बदलकर जोवान चौधरी रखकर फर्जी आधार कार्ड बनवाया. दिसंबर 2023 में हसीबुल ने सोशल मीडिया के जरिए हैदराबाद के मलकपेट की एक महिला से दोस्ती की और अपनी असली पहचान छिपाकर उससे धोखे से शादी कर ली.

साहा भी अवैध रूप से कोलकाता में रह रहा था
महिला से शादी के बाद हसीबुल मलकपेट में रहने लगा और ऑनलाइन कपड़े बेचने और खाना डिलीवरी का काम करने लगा. 8 महीने पहले हसीबुल ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए रंगा रेड्डी जिले में जन्म का फर्जी प्रमाण पत्र बनवाया . इस प्रमाण पत्र के आधार पर उसने भारतीय वोटर कार्ड हासिल किया और एक वैध आधार कार्ड के लिए आवेदन किया ताकि वह भारतीय नागरिक के रूप में रह सके. मार्च 2025 में हसीबुल अपनी गर्भवती पत्नी की सहायता के लिए 21 साल के रोहन साहा को कोलकाता से मलकपेट लाया. साहा भी अवैध रूप से कोलकाता में रह रहा था .

बांग्लादेशी नागरिकों से फर्जी दस्तावेज जब्त किए
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हसीबुल ने साहा को अपने घर में ठहराया और उसके लिए भी फर्जी आधार कार्ड बनवाया. पुलिस ने दोनों बांग्लादेशी नागरिकों से फर्जी दस्तावेज जब्त किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है. डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस ( कमिश्नर टास्क फोर्स) वाईवीएस सुधेन्द्र ने बताया कि इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी . वहीं पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. बता दें कि , पिछले कुछ महीनो में देश में अवैध रूप से रह रहे दर्जनों बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए हैं.