
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
ऑपरेशन सिंदूर का बदला हिंदुस्तान की फौज ने पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर मिसाइल दागकर
किया तो तेजस्वी यादव ने इसे लेकर एक वीडियो संदेश जारी किया

पटना/ हैदराबाद, 7 मई, 2025. पहलगाम आतंकी हमले का बदला भारतीय सेना ने एयर स्ट्राइक से लिया है. मंगलवार आधी रात के बाद ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया गया . पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में बसे आधा दर्जन से अधिक आतंकी ठिकानों को मिसाइल से ध्वस्त कर दिया गया. बिहार के नेताओं ने भी इस सैन्य कार्रवाई का स्वागत किया. बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि भारतीय सेना ने पहलगाम हमले को जख्मों का बदला लिया है. इसके लिए भारतीय सेना ने मंगलवार की देर रात ‘ ऑपरेशन सिंदूर ‘ चलाया . मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि, भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले पाक अधिकृत कश्मीर में घुसकर लश्कर- ए – तैयबा और जैश – ए – मोहम्मद के ठिकानों पर स्ट्राइक की है . कहा जा रहा है कि भारत ने आतंकवादियों के 9 ठिकानों को राख में मिला दिया है. भारत की तरफ से आतंकवादियों पर किए गए इस जबरदस्त कार्रवाई के बाद कई प्रतिक्रियाएं भी सामने आई है. बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा कि इस लड़ाई में 140 करोड़ भारतवासी सरकार के साथ हैं. तेजस्वी यादव ने लिखा,’ भारत, भारतीयों और भारतीय सेना ने कभी भी अपने देश में इसी प्रकार का आतंकवाद और अलगाववाद बर्दाश्त नहीं किया है और ना ही कभी करेंगे. भारतीय सेना ने हर बार माता की कोख, बहनों की कलाई और उनके माथे के सिंदूर की रक्षा की है. हम सत्य, अहिंसा और शांति को मानने वाले लोग हैं. हम भारतीय कभी गलत नहीं करते लेकिन अगर कोई हमारे साथ गलत करता है तो फिर हम चुप नहीं रहते. आतंकवाद को पोसने वाले लोग यदि हमारी एकता, अखंडता और संप्रभुता पर प्रहार करेंगे तो हमें एकजुट होकर मुंहतोड़ जवाब देना आता है . आतंकवाद के विरुद्ध इस लड़ाई में 140 करोड़ भारतवासी भारतीय सेना और सरकार के साथ हैं.’ इस बीच राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो तथा वरिष्ठ राजनेता लालू प्रसाद यादव ने एक्स पर लिखा,’ जय हिंद! जय हिंद की सेना!’