क्यूआर कोड से मिलेगा बिहार विधानसभा का टिकट

क्यूआर कोड से मिलेगा बिहार विधानसभा का टिकट, कांग्रेस ने सभी 243 सीटों पर…

कांग्रेस बिहार में विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक टिकट दावेदारों से आवेदन मांगे हैं. पार्टी ने एक
क्यूआर कोड जारी कर ऑनलाइन फॉर्म के जरिए आवेदन करने को कहा है. इसमें सभी 243 सी

पटना/ हैदराबाद, 8 मई, 2025. बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने टिकट पर मंथन शुरू कर दिया है. कांग्रेस ने हर विधानसभा सीट पर टिकट दावेदारों से आवेदन मांगे हैं . खास बात यह है कि पार्टी ने एक क्यूआर कोड जारी किया है. इसे स्कैन कर कोई भी व्यक्ति कांग्रेस के टिकट के लिए आवेदन कर सकता है. हैरान करने वाली बात यह है कि कांग्रेस ने राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर टिकट दावेदारों से आवेदन मांगे हैं . इससे उसके सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल( आरजेडी ) और वाम दालों की बेचैनी बढ़ सकती है. बिहार में कांग्रेस की ओर से हाल ही में एक क्यूआर कोड जारी किया गया. इसमें लिखा गया है कि बिहार परिवर्तन के लिए तैयार है, अगर कोई कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने का इच्छुक है तो वह आवेदन करने के लिए क्यूआर कोड को स्कैन कर सकता है.

पार्टी अभियान से लेकर सोशल मीडिया तक की जानकारी देनी होगी
क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद एक ऑनलाइन फॉर्म खुल जाएगा . उसमें टिकट आवेदक को अपना नाम, पता, जिला, विधानसभा सीट, मोबाइल नंबर की जानकारी देनी होगी. इसके अलावा हर घर झंडा अभियान, जन आक्रोश मीटिंग और सामुदायिक बैठकों की संख्या बताने के साथ ही उनके फोटो भी अपलोड करने होंगे. पार्टी ने टिकट दावेदारों से उनका बायोडाटा के अलावा फेसबुक एवं इंस्टाग्राम के फॉलोअर्स की संख्या भी पूछी है.

महागठबंधन में सेट बटवारा बाकी, कांग्रेस ने सभी 243 सीटों पर आवेदन मांगे
कांग्रेस ने राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर टिकट दावेदारों से आवेदन मांगे हैं. बिहार चुनाव को लेकर महागठबंधन की अब तक तीन बैठकें हो चुकी है, लेकिन अभी तक आरजेडी, कांग्रेस समेत अन्य घटक दलों के बीच सीट शेयरिंग का फार्मूला तय नहीं हुआ है. ऐसे में कांग्रेस कितनी और कौन-कौन सी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह अभी तय नहीं है. कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस फिलहाल सभी 243 सीटों पर तैयारी में जुटी है . जिन सीटों पर समीकरण पार्टी के अनुकूल होंगे और दावेदार मजबूत होंगे, उन सीटों के लिए कांग्रेस अपने सहयोगी दलों से अच्छा मोलभाव करेगी. हालांकि, इससे महागठबंधन के अन्य घटक दलों को परेशानी हो सकती है.

चुनाव से पहले बीजेपी– जदयू को झटका, पूर्व विधायक समेत दो बड़े नेता कांग्रेस में शामिल
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए को बिहार में तगड़ा झटका लगा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड( जदयू ) और बीजेपी के दो बड़े नेताओं ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है . नालंदा जिले के चंडी से दो बार विधायक रहे भाजपा नेता अनिल सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की. वहीं, जदयू के पूर्व महासचिव शंभू पटेल ने भी कांग्रेस का हाथ थाम लिया. पार्टी प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बुधवार को पटना के सदाकत आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में दोनों नेताओं को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई . कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने इस मौके पर कहा कि दोनों नेताओं के आने से कांग्रेस का जनाधार बढ़ेगा. हमारे दल की नीतियों और शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए दोनों नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है. अनिल सिंह एक बार कांग्रेस तो एक बार समता पार्टी से विधायक रह चुके हैं. इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बृजेश प्रसाद मुनन, जमाल अहमद भल्लू, मोतीलाल शर्मा, जितेंद्र गुप्ता, राजेश राठौड़, अजय चौधरी, मनजीत सिंह और आनंद साहू मौजूद थे .