कौन होते हैं डीजीएमओ, जिनके बीच बातचीत हुई और रुक गया भारत – पाक का ‘ युद्ध’ !

भारत और पाकिस्तान के बीच जंग की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन डीजीएमओ की बातचीत के बाद ‘ युद्ध’ विराम की घोषणा हो गई है. ऐसे में जानते हैं कि आखिर डीजीएमओ कौन होते हैं.

नई दिल्ली/ हैदराबाद, 10 मई, 2025. भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर हो चुका है. यह भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच बातचीत के बाद संभव हुआ . ऐसे में जानते हैं कि डीजीएमओ कौन होते हैं और इनका काम क्या होता है. डीजीएमओ यानी महानिदेशक मिलिट्री ऑपरेशन, सेना में एक अहम और जिम्मेदारी वाला पद होता है. इस समय भारत के डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई हैं. डीजीएमओ के जिम्मे ही सारे सैन्य अभियान की जिम्मेदारी, उसे गाइड करना, निर्देश देना और अन्य सारे काम डीजीएमओ के पास होते हैं . युद्ध या संघर्ष के दौरान सैन्य अभियानों से जुड़े हर एक फैसले डीजीएमओ ही लेते हैं.

डीजीएमओ के पास होती है सभी सैन्य अभियानों की जिम्मेदारी

डीजीएमओ का काम युद्ध या आतंकवाद विरोधी अभियानों व शांति स्थापना के लिए चल रहे मिशनों के लिए रणनीति तैयार करना होता है. साथ ही ये सेना की तीनों शाखाओं और विभिन्न एजेंसियों के बीच पुल का काम करते हैं.

सेना की तीनों शाखा और एजेंसियों के बीच करते हैं पुल का काम

डीजीएमओ के पास युद्ध या सैन्य अभियानों से जुड़ी हर एक सूचनाएं पहुंचाई जाती है और उसी अनुरूप ये रणनीति तैयार कर उसके मुताबिक अभियानों को संचालन करते हैं. इस वजह से खुफिया एजेंसियों के साथ भी उन्हें समन्वय रखना पड़ता है और एजेंसियों को भी सारी जरूरी सूचनाएं उनतक पहुंचना अनिवार्य होता है.

युद्ध शुरू होने से लेकर सीज फायर तक हर फैसले में होती है अहम भूमिका

डीजीएमओ ही सीमा से जुड़े मुद्दों, सैन्य अभियानों और अन्य समस्याओं का प्रबंध करते हैं. इसीलिए युद्ध शुरू होने से लेकर युद्ध विराम और संघर्ष को विस्तार देने और कम करने तक से जुड़े सारे फैसलों में उनकी अहम भूमिका होती है. इस वक्त भी सीजफायर के मुद्दे पर दोनों देशों के डीजीएमओ के बीच ही सबसे पहले संपर्क स्थापित होने की बात सामने आ रही है.


‘ भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर लागू,’ विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि
भारत-पाकिस्तान के बीच अब युद्ध विराम हो गया है. इसकी जानकारी देते हुए विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री ने कहा कि आज दोपहर 3:35 बजे दोनों देशों के डीजीएमओ के बीच बातचीत हुई थी. पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशंस ( डीजीएमओ) ने आज दोपहर भारतीय डीजीएमओ से बात की. इसके बाद ही युद्ध विराम की घोषणा की गई.