एमबीए बताकर कराई शादी, पति निकला 8 वीं फेल : कांग्रेस विधायक की बहू ने लगाया आरोप

पति समेत ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज. धार जिले के कु क्षेत्र से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र सिंह उर्फ हनी बघेल पर मामला दर्ज किया गया है. सुरेंद्र सिंह बघेल की पत्नी शिल्पा सिंह बघेल, भाई देवेंद्र सिंह बघेल, मां चंद्र कुमारी सिंह बघेल और बहन शीतल सिंह बघेल पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है.
धार / भोपाल/ हैदराबाद, 20 मई, 2025. कांग्रेस विधायक की बहू काम्या सिंह बघेल की शिकायत पर बीते 13 मई को भोपाल के महिला थाने में केस दर्ज किया गया है. जो अब सामने आया है. शिकायत करने वाली काम्या सिंह बघेल विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल के छोटे भाई देवेंद्र सिंह बघेल की पत्नी है . सभी आरोपियों पर मारपीट करने, दहेज में स्कॉर्पियो गाड़ी मांगने, प्रताड़ित करने और असली जानकारी छिपाकर शादी कराने के आरोप है. सभी धाराएं जमानती बताई जा रही है. पुलिस ने मंगलवार को सभी आरोपियों को गिरफ्तारी नोटिस जारी करने की तैयारी में है . शिकायतकर्ता की ओर से पुलिस को मारपीट और धमकाते हुए वीडियो भी सौंपे गए थे. जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है .
गलत जानकारी देकर कराई गई मेरी शादी
विधायक सुरेंद्र सिंह बघेल की बहू काम्या सिंह बघेल के मुताबिक, वह 34 साल की है. शीतल सिंह बघेल ने उनकी शादी कराई थी. बताया गया था कि पति देवेंद्र सिंह बघेल एमबीए हैं, उनका अच्छा बिजनेस है. शादी के बाद पता चला कि पति आठवीं फेल हैं. पारिवारिक बिजनेस से उन्हें दूर रखा जाता है, क्योंकि वह शराब पीने के आदी हैं. सच्चाई सामने आने के बाद जब उन्होंने जेठ और सास से इस संबंध में बात की तो उन्हें वे लोग धमकाना शुरू कर दिया. आए दिन उनके साथ मारपीट की जाने लगी .
मुझे घर से निकाला, बच्चों की फीस बंद कर दी
शिकायतकर्ता काम्या सिंह के मुताबिक, पति दबाव बनाकर तलाक के पेपर साइन करना चाहते थे. जब इनकार किया तो मेरे खिलाफ षड्यंत्र किए जाने लगे. मुझे और मेरे मायके वालों को झूठे एससी — एसटी अधिनियम के तहत केस में फंसाने की धमकी दी जाने लगी. काम्या ने आरोप लगाया कि मुझे घर से निकाल दिया गया. परेशान करने के लिए बच्चों की स्कूल फीस तक देना बंद कर दी गई. जिसके बाद मैंने शिकायत दर्ज कराई . जांच के बाद भोपाल की महिला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है.
गिरफ्तारी के लिए नोटिस जारी करेंगे पुलिस
पुलिस अधीक्षक महिला अपराध निधि सक्सेना ने बताया कि विधायक हनी सिंह बघेल सहित पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. शिकायत की जांच कराई जा रही है . जल्द गिरफ्तारी के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे .