बिहार के बक्सर में बालू व्यवसाय को लेकर खूनी संघर्ष : ताबड़तोड़ फायरिंग में 4 की मौत 1 गंभीर

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट
सुशासन के साए में लहूलुहान बिहार: जब पुलिस सो रही थी, तब बक्सर में गोलियां गूंज रही थी
बक्सर / राजपुर / हैदराबाद, 24 मई, 2025. बिहार में बक्सर जिले के अहियापुर गांव में शनिवार सुबह
उस वक्त अफरातफरी मच गई जब बालू व्यवसाय को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो गुटों के बीच हुए विवाद में अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना का कारण: बालू दुकान को लेकर विवाद
पुलिस के मुताबिक, सड़क किनारे बालू गिराने और बेचने को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था . अहियापुर निवासी सुनील सिंह की बालू की दुकान पहले से ही में रास्ते के पास थी. लेकिन गांव के ही मनोज और उनके भाई संतोष ने विवादित रूप से उसी जगह पर बालू गिरवा दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया .
शादी वाले घर में बरसी गोलियां
शुक्रवार को सुनील के घर बारात आई थी. इस अवसर का फायदा उठाकर मनोज ने सुनील की दुकान के पास फिर से बालू गिरवा दिया. जब इसका विरोध किया गया, तो बात इतनी बढ़ गई कि शनिवार सुबह मनोज पक्ष ने सुनील के घर पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग में 40 वर्षीय सुनील सिंह, 50 वर्षीय विनोद सिंह और 35 वर्षीय वीरेंद्र सिंह की मौत हो गई. दो की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया एवं 5 वें घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज वाराणसी में चल रहा है. उधर, घटना की जानकारी मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं. गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और इलाके में तनाव बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है.
बक्सर मर्डर : रजत में सरकार से पूछा कि बिहार में हो क्या रहा है ?
बक्सर में हुए ट्रिपल मर्डर पर राष्ट्रीय जनता दल( आरजेडी) ने बिहार सरकार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पुलिस प्रशासन पर हमलावर है. राजद ने कहा है कि बिहार में अपराधियों का बहार है और गोलियों की बौछार है. गोलियों की तड़तडाहट से बक्सर जिला थर्रा उठा है. राजद ने सरकार से पूछा कि बिहार में हो क्या रहा है? मुख्यमंत्री का इकबाल पूरी तरह खत्म हो गया है. अपराधियों के तांडव से बिहार कराह रहा है. तेजस्वी यादव हमेशा क्राइम बुलेटिन जारी कर सरकार को बता रहे हैं. राजद ने कहा कि सरकार की विदाई में ही बिहार की भलाई है.
ट्रिपल मर्डर पर जेडीयू ने जताया दुख
बक्सर जिले में हुए ट्रिपल मर्डर पर जनता दल यूनाइटेड( जेडीयू ) ने इस घटना को दुखद बताया है. जदयू के एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि दो पक्षों के बीच बालू बिजनेस के चलते विवाद हुआ था. पुलिस तथ्यों की जांच कर रही है. पुलिस अपने साक्षय के आधार पर कार्रवाई करेगी एवं सभी आरोपी जल्द कानून के जबड़े में आएंगे. कोई भी बिहार में ऐसे अपराधी तत्वों को बचाने वाला नहीं है . सभी अपराधी को कैदखाने में डाला जाएगा.
बिहार में सरकार का इकबाल समाप्त हो गया है— एजाज अहमद
बक्सर में हुई गोलीबारी और हत्याकांड पर राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि बिहार में सरकार का इकबाल समाप्त हो गया है और सुशासन के नाम पर गुंडों का महाजंगल राज चल रहा है. डिप्टी सीएम विजय सिन्हा आज ही कह रहे थे कि माफियाओं को हमने खात्मा कर दिया है. लेकिन आज ही बक्सर में बालू माफियाओं के बीच वर्चस्व की लड़ाई से यह स्पष्ट हो गया कि बिहार में सरकार संरक्षित माफियाओं के द्वारा किस तरह का अपराध किया जा रहा है. यह स्पष्ट रूप से दिखा. बिहार में सरकार का इकबाल समाप्त हो गया है और राज्य में शासन प्रशासन का मनोबल को सतरूढ दल के द्वारा तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. जिसका परिणाम है आज की गोलीबारी की घटना जो सामने आई है.