तेज प्रताप यादव पर बड़ा एक्शन, पिता लालू ने पार्टी और परिवार से किया बेदखल

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने रविवार को अपने बड़े बेटे तथा बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है. इतना ही नहीं बड़ा एक्शन लेते हुए पिता लालू प्रसाद यादव ने उन्हें परिवार से भी बेदखल कर दिया है.


पटना/ हैदराबाद, 25 मई, 2025. अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को लालू प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय जनता दल से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. खुद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है . उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा,’ निजी जीवन में नैतिक मूल्यों का अवहेलना करना हमारे सामाजिक न्याय के लिए सामूहिक संघर्ष को कमजोर करता है. बड़े बेटे की गतिविधि, लोक आचरण तथा गैर जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों के अनुरूप नहीं है. अतएव उपरोक्त परिस्थितियों के चलते तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से अलग करता हूं. अब से पार्टी और परिवार में उसकी किसी भी प्रकार की कोई भी भूमिका नहीं रहेगी. उसे पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है. अपने निजी जीवन का भला – बुरा और गुण दोष देखने में वह स्वयं सक्षम है. उससे जो भी लोग संबंध रखेंगे वो स्वविवेक से निर्णय लें. लोक जीवन में लोकलाज का सदैव हिमायती रहा हूं. परिवार के आज्ञाकारी सदस्यों ने सार्वजनिक जीवन में इसी विचार को अंगीकार कर अनुसरण किया है. धन्यवाद, लालू प्रसाद यादव.

तेजस्वी यादव ने क्या कहा ?
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है, इतना ही नहीं, लालू यादव ने उन्हें परिवार से भी दूर कर दिया है. इस मामले पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा,’ हम ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं कर सकते, हम काम कर रहे हैं और बिहार के लोगों के लिए समर्पित है . अगर बात मेरे बड़े भाई की है, तो राजनीतिक जीवन और व्यक्तिगत अलग-अलग है. उन्हें अपने निजी फैसले लेने का अधिकार है. वह एक वयस्क हैं और फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं . हमारी पार्टी के प्रमुख ने यह स्पष्ट कर दिया है और जब से उन्होंने ऐसा कहा है, यह उनकी भावना है. हमने ऐसी चीजों पर सवाल नहीं उठाया. वह अपने निजी जीवन में क्या कर रहे हैं, कोई भी कुछ भी करने से पहले नहीं पूछता. मुझे इसके बारे में मीडिया के जरिए पता चला है.’

तेज प्रताप यादव ने फेसबुक पेज हैक होने का किया था जिक्र

बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि उनका फेसबुक पेज हैक कर लिया गया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा गया था कि वह एक युवती के साथ रिलेशनशिप में है . राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे ने शनिवार शाम को एक्स पर लिखा कि उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को बदनाम करने और परेशान करने का प्रयास किया जा रहा है. यादव ने उस पोस्ट का जिक्र करते हुए कहा,’ मेरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को हैक कर लिया गया और मेरी तस्वीरों को गलत तरीके से एडिट किया गया है . बता दें कि, तेज प्रताप यादव एक महिला के साथ नजर आ रहे थे और कैप्शन में लिखा था, ‘ इस तस्वीर में जो दिख रही है, उसका नाम अनुष्का यादव है. हम पिछले 12 सालों से एक दूसरे को जानते हैं. हम प्यार में हैं और 12 सालों से रिलेशनशिप में है.

रिलेशनशिप में है लालू के लाल तेज प्रताप यादव, खुद फेसबुक पोस्ट कर दी जानकारी

लोग तेज प्रताप यादव की सराहना भी कर रहे हैं और लोग यह भी कह रहे हैं कि अब तेज प्रताप जल्दी शादी करेंगे. राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव हमेशा चर्चा में रहते हैं. इस बीच उन्होंने बड़ी घोषणा की है. तेज प्रताप यादव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलासा किया. तेज प्रताप यादव ने बताया कि 12 सालों से वह रिलेशनशिप में है . हालांकि, तेज प्रताप यादव पर मुकदमे चल रहे हैं. ऐसे में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें 17 मई से 23 मई तक एक हफ्ते के लिए मालदीव जाने की अनुमति दी थी. इस पर उन्होंने कहा जीवन में शांति सबसे बड़ी चीज है और मैं शांति की खोज में इधर से उधर घूमता रहता हूं. तेज प्रताप यादव लगातार अपने बयानों के जरिए चर्चा में रहते हैं.