
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ यह विशेष रिपोर्ट
तेज प्रताप यादव की प्रेम कहानी से बिहार की राजनीति में भूचाल है . इसी बीच लालू परिवार के कई सदस्य अचानक कोलकाता रवाना हो गए, क्योंकि तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव गर्भवती हैं और प्रसव काल का आखरी महीना चल रहा है.
पटना/ हैदराबाद, 26 मई, 2025. लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप ने रविवार की शाम सोशल मीडिया पोस्ट में अपनी 12 साल पुरानी प्रेम कहानी पर से पर्दा क्या हटाया कि बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया. लालू यादव और तेजस्वी यादव की पार्टी आरजेडी खास तौर पर इस मामले में फजीहत झेल रही है. पूरा लालू परिवार इस लपेटे में है. हालांकि, लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से बेदखलकर डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की है. लेकिन अगले ही दिन सोमवार को तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय ( तलाक की अर्जी कोर्ट में) मीडिया के कैमरों के सामने आई और लालू परिवार पर जमकर हमला बोला. इन्हीं विवादों के बीच अचानक खबर आई कि लालू परिवार के अधिकतर सदस्य कोलकाता रवाना हो गए हैं. इससे फिर बिहार में हलचल मच गई कि आखिर क्या हुआ जो अचानक ही लालू परिवार के सदस्य एकाएक कोलकाता रवाना हो गए . बाद में इस बात की जानकारी आई कि तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव गर्भवती हैं और उनके प्रसव काल का आखरी महीना चल रहा है. ऐसे में अब डिलीवरी की संभावना है इसीलिए लालू यादव का पूरा परिवार कोलकाता रवाना हो गया. पटना से कोलकाता जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट से परिवार के कई सदस्य कोलकाता गए हैं . कोलकाता जाने वालों में स्वयं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के साथ में सांसद मीसा भारती भी हैं. बता दें कि, लालू यादव के परिवार में फिर से किलकारी गूंजने वाली है. उनके छोटे बेटे और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव फिर पिता बनने वाले हैं. उनकी पत्नी राजश्री यादव प्रेग्नेंट है और कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती है . बता दें कि, मार्च में भी तेजस्वी यादव और लालू प्रसाद यादव दोनों ही कोलकाता गए थे और वहां 27 मार्च को तेजस्वी यादव की बड़ी बेटी कात्यानी के जन्मदिन में शामिल हुए थे . हालांकि, यह ऐसा मौका है जब लालू परिवार कोलकाता गया है तो तेज प्रताप यादव का विवाद काफी गहराया हुआ है.
कोलकाता जाने से पहले मीसा भारती ने क्या कहा ?
तेज प्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय ने सीधे लालू प्रसाद यादव के परिवार को कटघरे में खड़ा कर दिया है और सवाल पूछा है कि क्या उनका सामाजिक न्याय का नारा उन पर लागू नहीं होता है. इस बीच तेज प्रताप विवाद के बाद लालू यादव द्वारा तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से निकाले जाने पर सांसद मीसा भारती ने कहा है कि हमारे परिवार के मुखिया ने और हमारे दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपना स्टैंड क्लियर कर दिया है. अब हम लोगों को आगे कुछ नहीं कहना है. तेज प्रताप की पत्नी ऐश्वर्या राय के आरोपों पर मीसा भारती ने कहा फिलहाल यह मामला कोर्ट में है.
