बीजेपी के ट्रैप में न फंसे, अपने मुद्दे पर आक्रामक रहें, कांग्रेस नेताओं को राहुल की नसीहत
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
राहुल गांधी ने प्रवक्ताओं को नसीहत देते हुए कहा है कि टीवी डिबेट में अपना पक्ष आक्रामक तरीके से रखें, हमें डिफेंसिव नहीं होना है
नई दिल्ली/ हैदराबाद, 26 मई, 2025. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने देशभर में अपने सभी प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्ट की पिछले दिनों दिल्ली में एक ट्रेनिंग सेशन रखा. इस ट्रेनिंग सेशन में देशभर से करीब 142 प्रवक्ता और मीडिया पैनलिस्ट पहुंचे थे. यह ट्रेनिंग दिल्ली में कांग्रेस के नए ऑफिस ‘ इंदिरा भवन ‘ में आयोजित की गई थी. इस दौरान लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भी पहुंचे और सभी को संबोधित भी किया. सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, इस दौरान राहुल गांधी ने सभी प्रवक्ताओं और मीडिया पैनलिस्ट को हर मुद्दे पर पार्टी की बात किस तरह से टीवी और बाकी प्लेटफार्म पर रखनी है, इसको लेकर नसीहत दी. राहुल गांधी ने आयोजित प्रशिक्षण बैठक में कहा कि हमें बीजेपी के ट्रैप में नहीं फसना है, बीजेपी की पिच पर जाकर बैटिंग करनी है . राहुल ने कहा कि बीजेपी तथ्यहीन पार्टी है . हमारे पास हर मुद्दे पर तथ्य है और हमें उसी आधार पर डिबेट करनी चाहिए.
टीवी डिबेट को लेकर राहुल गांधी की कांग्रेस नेताओं को नसीहत
राहुल गांधी ने प्रवक्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि टीवी डिबेट में अपना पक्ष आक्रामक तरीके से रखें, हमें डिफेंसिव नहीं होना है. अपनी बातों को प्रमुखता से रखना है, क्योंकि आपका मुकाबला स्तरहीन लोगों से है, आपको उस अस्तर पर उतर के बहस नहीं करनी है. राहुल गांधी ने कहा कि टीवी पर ज्यादातर लोग एक ही भाषा बोलते हैं, आपको अकेले उनका सामना करना है. इसलिए, आपको बहादुरी से तथ्य रखना है. अगर बोलने का मौका ना दिया जाए तो आप अपना पक्ष आक्रामक तरीके से रखने के बाद डिबेट छोड़ दीजिए.
