‘ हमने जहर खा लिया है, बहुत कर्ज था…,’ मरने से पहले प्रवीण ने चश्मदीद से बताई थी सामूहिक सुसाइड की वजह

हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
हरियाणा के पंचकूला में एक ही परिवार के 7 लोगों ने कार में जहर खाकर सुसाइड कर लिया. मरने से पहले प्रवीण मित्तल ने चश्मदीद को बताया कि उनके ऊपर बहुत कर्ज है, इसलिए उन्होंने परिवार के साथ जहर खा लिया है .
पंचकूला/ देहरादून/ हैदराबाद, 27 मई, 2025. हरियाणा के पंचकूला में एक ही परिवार के 7 लोगों ने कार में जहर खाकर सुसाइड कर लिया. सभी लोग बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा में शामिल होकर लौट रहे थे. इस सामूहिक सुसाइड के बारे में चश्मदीद पुनीत राणा ने बताया कि कार हमारे घर के पास खड़ी थी. किसी ने हमें बताया कि बाहर एक गाड़ी खड़ी है. जिस पर टॉवल रखा है. जब हम मौके पर पहुंचे और पूछा तो परिवार के मुखिया प्रवीण मित्तल ने बताया कि हम बाबा के प्रोग्राम में आए थे. होटल नहीं मिला, इसीलिए गाड़ी में सो रहे हैं. हालांकि, इस पर हमने बोला कि गाड़ी यहां से हटा लो कहीं और लगाओ. हमने कार के अंदर झांका तो देखा कि सब एक दूसरे पर उल्टी की हुई थी. ऐसे में प्रवीण मित्तल गाड़ी से बाहर निकले और उन्होंने हमें बताया कि मैंने भी जहर खाया है. हम लोग बहुत कर्ज में डूबे हुए हैं. मेरे सभी रिश्तेदार बहुत अमीर हैं, लेकिन मेरी किसी ने मदद नहीं की. इसके बाद मैंने अंदर बैठे बच्चों को भी हिला कर देखा, लेकिन कोई हिल नहीं रहा था.
समय पर आती एम्बुलेंस तो बच सकती थी जान
इसके कुछ ही देर में पुलिस भी आ गई थी.कार के अंदर से बहुत ज्यादा बदबू आ रही थी. कार में
दवा का एक टैबलेट भी पड़ा था . चश्मदीद पुनीत ने यह भी बताया कि पुलिस जल्दी आ गई थी लेकिन एम्बुलेंस 40 से 45 मिनट बाद आई. अगर समय पर एंबुलेंस आती तो शायद लोगों की जान बच जाती. सिर्फ प्रवीण ही कार से बाहर निकले थे. लेकिन कुछ देर में उनकी भी मौत हो गई.
मां रहती थी बीमार
सामूहिक सुसाइड पर प्रवीण मित्तल की एक पड़ोसी आराधना थापा का भी बयान सामने आया है. थापा के मुताबिक, यह परिवार काफी साधारण था. उनकी मां बीमार रहती थी और बच्चे देहरादून के ब्लूमिंग बर्ड स्कूल में पढ़ते थे. वहीं, ससुर की दुकान टपकेश्वर मंदिर के पास थी. यह परिवार लगभग 1 साल पहले अपने ससुर के साथ चंडीगढ़ शिफ्ट हो गया था. इससे पहले वे करीब 3 साल तक कोलागढ़ में रहे, फिर देहरादून के अंकित बिहार और टपकेश्वर मंदिर के पास कुछ समय तक रहे. बाद में चंडीगढ़ चले गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल भेज दिया है.
