लालू परिवार में गूंजी किलकारी,फिर पिता बने तेजस्वी


हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट

तेजस्वी यादव एक बार फिर पिता बन गए हैं. बेटी कात्यायनी के बाद अब उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है. बेटे का जन्म कोलकाता के अस्पताल में हुआ. जच्चा बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ बताई जा रहे हैं

पटना/ कोलकाता/ हैदराबाद, 28 मई, 2025. तेज प्रताप यादव को लेकर जारी तनातनी के बीच राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के घर में किलकारी गूंजी है. लालू यादव दूसरी बार दादा बन गए हैं. तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बन गए हैं. उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है. तेज को लेकर जारी बवाल के बीच लालू परिवार में खुशियां आई है. इसकी जानकारी मंगलवार को ‘ एक्स ‘ और फेसबुक पर खुद तेजस्वी यादव ने दी. तेजस्वी ने बेटे की तस्वीर भी शेयर की है. इसके साथ तेजस्वी ने लिखा, ‘ सुप्रभात! आखिरकार इंतजार खत्म हुआ. हमारे नन्हे बेटे के आगमन की घोषणा करते हुए बहुत आभारी, धन्य और खुश हूं. जय हनुमान ! तेजस्वी ने अपने पिता लालू यादव को यह खुशखबरी वीडियो कॉल पर दी. रोहिणी आचार्य की ओर से साझा किए गए वीडियो में तेजस्वी कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि पापा ऑनलाइन है… पापा बेटा हुआ है. पोता हुआ है आपको. वीडियो में तेजस्वी काफी खुश नजर आ रहे हैं. दरअसल, तेजस्वी और उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने घर के सबसे नन्हे सदस्य को पिता लालू यादव से वीडियो कॉल पर मिलवाया.

बधाइयों का लगा तांता
राजद के भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर तेजस्वी को बधाई दी गई. पार्टी ने लिखा, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी को पुत्र रत्न की प्राप्ति और राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव को फिर से दादा बनने की हार्दिक शुभकामनाएं. समस्त राजद परिवार की तरफ से शुभ आशीर्वाद सहित बधाई और अनंत शुभकामनाएं ! तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य ने भाई और भाभी राजश्री यादव को बधाई दी . उन्होंने कात्यायनी को भी बधाई दी और एक्स पर लिखा, जूनियर टूटू को ढेर सारा प्यार और आशीर्वाद.

तेजस्वी यादव के बारे में जानिए

कोलकाता के अस्पताल में बच्चों का जन्म हुआ है. जच्चा बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ बताए जा रहे हैं. सोमवार को लालू परिवार पटना से कोलकाता गया था. इससे पहले 2023 में तेजस्वी की पत्नी ने बेटी को जन्म दिया था. उसका नाम कात्यायनी है . लालू परिवार में सबसे छोटे तेजस्वी यादव दो बार बिहार के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं . राजनीति में आने से पहले तेजस्वी क्रिकेट खेलते थे. उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड का प्रतिनिधित्व किया है . तेजस्वी 9वीं पास और स्कूल ड्रॉप आउट है. वे कहते हैं कि क्रिकेट में करियर बनाने के लिए उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी थी . तेजस्वी आईपीएल टीम दिल्ली डेयरडेविल्स का भी हिस्सा रह चुके हैं. वह बिहार विधानसभा में राघोपुर से विधायक हैं और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं.