‘ वोट दे बिहारी, नौकरी ले बाहरी’

पटना में सैकड़ो छात्र गुरुवार को मुसल्लम पुर हाट और भीखना पहाड़ी होते हुए मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकल पड़े. किस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में बिहार के मूल निवासियों के लिए डोमिसाइल नीति लागू करना है.

पटना/ हैदराबाद, 5 जून, 2025. बिहार की राजधानी पटना में डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग को लेकर छात्रों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा. छात्रों की मांग है कि प्राइमरी एजुकेशन में 100% और सरकारी नौकरियों में 90% डोमिसाइल सर्टिफिकेट लागू होना चाहिए, जैसा कि पड़ोसी राज्यों में होता है. अभ्यर्थी हाथ में’ वोट दे बिहार और नौकरी ले बाहरी, अब ये नहीं चलेगा’ का पोस्टर लेकर डोमिसाइल नीति लागू करने की मांग कर रहे हैं. छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में हजारों छात्र गुरुवार को यहां के मुसल्लमपुर हाट और भिखना पहाड़ी होते हुए मुख्यमंत्री आवास का घेरने चल पड़े. किस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में बिहार के मूल निवासियों के लिए डोमिसाइल नीति लागू करना है. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे.


‘ वोट दे बिहारी, नौकरी ले बाहरी’

छात्र नेता दिलीप कुमार का कहना है कि बिहार में सरकारी नौकरियों पर पहला हक बिहारी युवाओं का होना चाहिए और उनके हक की नौकरी दूसरे राज्य के अभ्यर्थी ले रहे हैं, जबकि पड़ोसी राज्य झारखंड और उत्तर प्रदेश अपने यहां डोमिसाइल लागू किए हुए हैं जिसके कारण यहां के छात्रों को वहां नौकरी नहीं मिल रही और दूसरे राज्यों के युवा बिहार में आकर नौकरी ले रहे हैं.

तेजस्वी यादव को भी घेरा
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल और विपक्षी पार्टियां डोमिसाइल नीति की मांग को सत्ता में आने पर भूल जाती है. खासकर, राजद के नेता तेजस्वी यादव ने 2020 के विधानसभा चुनाव में 85% डोमिसाइल नीति लागू करने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने पर इसे लागू नहीं किया गया.

पटना कॉलेज से शुरू हुआ आंदोलन

गुरुवार की सुबह पटना कॉलेज में हजारों छात्र जुटे और वहां से मार्च शुरू किया. छात्रों का इरादा
मुसल्लमपुर हाट, भीखना पहाड़ी होते हुए सीएम आवास तक पहुंचने का था. दिलीप कुमार ने बिहार के सभी कॉलेज और विश्वविद्यालयों के छात्रों से किस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी. जबकि पटना पुलिस ने प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह सुरक्षा बल तैनात किए. इससे पहले भी दिलीप कुमार को बीपीएससी परीक्षा में नॉर्मलाइजेशन के विरोध में प्रदर्शन करने के दौरान गिरफ्तार किया गया था, इसके बाद उन्हें जमानत मिली थी.

हरकत में आया प्रशासन
प्रशासन ने अब इस विरोध प्रदर्शन को समाप्त करने के लिए पांच छात्र नेताओं का डेलिगेशन बनाकर शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करवाने के लिए ले गए,जिसके बाद प्रदर्शन अब शांत पड़ गया है.