इथेनॉल प्लांट लगाने के विरोध में किसानों ने किया प्रदर्शन, इलाके में भारी तनाव
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
तेलंगाना के राजोली मंडल के पेड्डा धनवाड़ा इलाके के किसान इथेनॉल प्लांट लगाने का जोरदार विरोध कर रहे हैं. इससे इलाके में तनाव व्याप्त है .
जोगुलम्बा — गडवाल / हैदराबाद, 5 जून, 2025. तेलंगाना के राजोली मंडल के पेड्डा — धनवाड़ा इलाके में प्रस्तावित एथेनॉल प्लांट लगाने के खिलाफ बीते दिनों किसानों के विरोध प्रदर्शन के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया. किसानों का कहना है कि प्लांट के लगने से इस इलाके में पानी की भारी किल्लत हो जाएगी और प्रदूषण सहित अन्य समस्याएं उत्पन्न हो जाएगी. पेड्डा — धनवाड़ा, जोगुलम्बा गडवाल के किसानों ने पर्यावरण, प्रदूषण और पानी की कमी सहित कृषि को होने वाले नुकसान के डर से प्रस्तावित एथेनॉल प्लांट के विरोध में आंदोलन तेज कर दिया है. किसानों का कहना है कि फैक्ट्री स्थापित करने को लेकर गुप्त तरीके से निर्माण कार्य किए जा रहे हैं. जिससे लोगों में भारी रोष और गुस्सा है. हालांकि इस विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक समर्थन भी मिल रहा है. इलाके में उस वक्त भारी तनाव देखने को मिला जब सैकड़ो किसानों ने एक इंथेनॉल कंपनी द्वारा इसके संयंत्र लगाए जाने के विरोध में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया. स्थिति तब हिंसक हो गई जब गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने कंपनी के वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और निर्माण स्थल पर केंट और कंटेनर बॉक्स में आग लगा दी . साइट पर काम कर रहे मजदूरों को भी कथित तौर पर उत्तेजित भीड़ ने खदेड़ दिया. किसान इस परियोजना का विरोध कर रहे हैं.
उनका कहना है कि इससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचेगा. साथी भूजल और कृषि आजीविका के नुकसान को लेकर भी आशंका व्यक्त की गई. हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किए गए हैं लेकिन प्रदर्शनकारियों की भारी संख्या होने के कारण वे बेबस नजर आए. उधर, अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ को तितर — बितर करने में असफल रहे. कहा जा रहा है कि इलाके में बुधवार को भी भारी तनाव देखा गया. स्थानीय नेता और अधिकारी पीड़ित किसानों को शांत करने और व्यवस्था बहाल करने की कोशिश में जुटे हैं.
