बिहार में बीजेपी – नीतीश को टेंशन देने आया सर्वे, कौन बना रहा सरकार, सामने आए आंकड़े
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट
बिहार चुनाव को लेकर एक सर्वे किया गया है. एनडीए और इंडिया गठबंधन को लेकर सामने आए आंकड़े चौंकाने वाले हैं.
नई दिल्ली/ पटना/ हैदराबाद, 11 जून, 2025. बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का अभी तक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन नवंबर से पहले इसकी घोषणा हो सकती है. इस बीच एक सर्वें सामने आया है, इसके आंकड़े चौंकाने वाले हैं. ओपिनियन पोल से पता चला है कि इस बार बिहार चुनाव में एनडीए और इंडिया गठबंधन को कितनी सीटें मिल सकती है. जबकि प्रशांत किशोर की पार्टी ‘ जन सुराज ‘ भी मैदान में होगी. पोल ट्रैकर सर्वे के मुताबिक, इंडिया गठबंधन इस बार एनडीए से आगे निकल सकता है. कांग्रेस और आरजेडी गठबंधन इंडिया को 44.2% वोट मिल सकते हैं. बिहार में इंडिया महागठबंधन का सबसे अहम चेहरा आरजेडी तेजस्वी यादव हैं . सर्वे के मुताबिक, तेजस्वी युवाओं की पहली पसंद बन सकते हैं. बीजेपी और जदयू का एनडीए गठबंधन दूसरे नंबर पर रह सकता है. उसे 42.8% वोट मिल सकते हैं.
किस पार्टी को कितनी मिल सकती हैं सीटें
बिहार में विधानसभा की कुल 243 सीटें हैं और बहुमत के लिए 122 सीटों की जरूरत है. सर्वे की मानें तो इस बार इंडिया महागठबंधन की सरकार बन सकती है. इंडिया महागठबंधन को 126 सीटें मिल सकती है. जबकि बीजेपी और जदयू का एनडीए गठबंधन 112 सीटों पर सिमट सकता है . जन सुराज को महज 1 सीट मिलने की उम्मीद है. बाकी 8 सीटें अन्य पार्टियों को मिल सकती है. दो बार हुआ सर्वे और दोनों बार इंडिया गठबंधन को बढ़त पोल ट्रैकर ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दो बार सर्वे किया है और दोनों बार इंडिया गठबंधन को बहुमत मिलते दिखा है. 8 जून को किए गए सर्वे में इंडिया गठबंधन को 121 से 131 सीटें मिलने का अनुमान दिखाया गया है. जबकि एनडीए को 108 से 115 सीटें मिलने का अनुमान बताया गया है. जन सुराज पार्टी को 0 से तीन 3 सीटें और अन्य को 4 से 12 सीटें मिलने का अनुमान बताया गया है.
बिहार में मुख्यमंत्री के लिए कौन है पहली पसंद
पोल ट्रैकर सर्वे में मुख्यमंत्री के लिए भी पहली पसंद का पता चल गया है. बिहार की जनता ने तेजस्वी यादव को पहली पसंद बताया है. तेजस्वी यादव के पक्ष में 43% लोगों ने मत दिया है. जबकि नीतीश कुमार दूसरे नंबर पर हैं. नीतीश को 31% लोग पसंद करते हैं. प्रशांत किशोर तीसरे नंबर पर हैं . उन्हें 9% लोगों ने पसंद किया है.
