मंगनी लाल मंडल राजद के नए प्रदेश अध्यक्ष, तेजस्वी यादव ने की घोषणा
हैदराबाद से समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट
नामांकन के बाद तेजस्वी यादव ने मंगनी लाल मंडल की खुलकर तारीफ की और कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है.
पटना/ हैदराबाद, 14 जून, 2025. आरजेडी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को लालू प्रसाद यादव के करीबी पूर्व सांसद मंगनी लाल मंडल ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया. नामांकन के मौके पर पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबडी देवी, नेता प्रतिपक्ष और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव एवं सांसद मीसा भारती के अलावा राजद के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे . मंगनी लाल मंडल ने राजद के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राज्य निर्वाचन अधिकारी डॉ तनवीर हसन के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया. 19 जून को पटना के ज्ञान भवन में राजद के राज्य परिषद की बैठक में उनके नाम की औपचारिक घोषणा होगी. हालांकि, राजद के नए प्रदेश अध्यक्ष पद पर मंगनी लाल मंडल को तय माना जा रहा है . नामांकन के बाद तेजस्वी यादव ने मंगनी लाल मंडल की खुलकर तारीफ की और कहा, बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है. उन्होंने कहा कि शनिवार को नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. बहुत खुशी की बात रही है कि हम भी मांगीलाल मंडल के प्रस्तावक रहे हैं. प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए उन्होंने नामांकन किया है. सभी लोग जानते हैं कि मंगनी लाल मंडल एक अनुभवी नेता रहे हैं. बिहार के मंत्री के रूप में हों या केंद्र में सांसद के रूप में रहे, उन्होंने जनता की आवाज को बुलंद किया है. उन्होंने कहा कि मंगनी लाल मंडल हमारे पिताजी के साथ लंबे समय तक काम किया. वे समाजवादी विचारधारा को मानने वाले कर्पूरी ठाकुर के करीबी और सहयोगी रहे हैं. सामाजिक राजनीति को बढ़ाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है. तेजस्वी यादव ने कहा कि हमारी पार्टी जनता की बात करती है. सबको लेकर आगे चलती है. उन्होंने नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा, जनता जो है बदलाव चाहती है. ये सरकार फेल हो चुकी है और खुद के नीति आयोग में खुद को फेल बता रही है. रिटायर अधिकारी सरकार चला रहे हैं. तेजस्वी ने कहा कि हम सभी मिलकर बिहार को आगे बढ़ाएंगे और नया बिहार बनाएंगे . वहीं, प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने के बाद मंगनी लाल मंडल ने कहा कि मैंने आज आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है. हमें बड़ी जिम्मेदारी मिली है. यह मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है. उन्होंने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को मैं आभार प्रकट करता हूं. उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए बड़ी चुनौती है और मैं इस चुनौती को पूरा करने के लिए चुनावी वर्ष में पूरी शक्ति लगा दूंगा. उल्लेखनीय है कि मंगनी लाल मंडल पार्टी के 7 वें प्रदेश अध्यक्ष व ईबीसी से आने वाले पहले नेता बनेंगे. मंगनी लाल मंडल के सामने कई तरह की चुनौती भी है . मांगीलाल मंडल का चयन राजद की सामाजिक समीकरण साधने की सोची – समझी रणनीति मानी जा रही है. वह धानुक जाति से आते हैं, जो अति पिछड़ा वर्ग में आती है . इस वर्ग की पकड़ उत्तर बिहार के मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जिलों में खास मानी जाती है . यह क्षेत्र 2020 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के लिए कमजोर साबित हुआ था, जहां 41 में से सिर्फ 13 सीटें ही आरजेडी जीत पाई थी.
