गोदावरी नदी में डूबे एक ही परिवार के 5 युवक,4 के शव मिले 1 लापता

तेलंगाना के बासर में गोदावरी नदी में डूबने से एक ही परिवार के 4 युवकों की मौत हो गई, जबकि 1 अभी भी लापता है.ये सभी चिंतल, हैदराबाद से दर्शन के लिए आए थे और स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए. प्रशासन और गोताखोरों की टीम रेस्क्यू में जुटी है. यह धार्मिक यात्रा अब शोक की त्रासदी बन गई है.

बासर / हैदराबाद/ 15 जून, 2025. तेलंगाना के बासर में शनिवार को आस्था का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब गोदावरी नदी में ना स्नान के दौरान एक ही परिवार के 5 युवक डूब गए. इनमें से 4 शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक की तलाश अभी भी जारी है . घटना हैदराबाद के चिंतल इलाके से आए एक परिवार के साथ हुई है. जिसमें कुल 22 लोग बासर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे. दर्शन के बाद ये लोग पवित्र गोदावरी नदी में स्नान करने गए थे. इसी दौरान परिवार के 5 युवक – राकेश, विनोद, ऋतिक और भारत नदी के गहरे हिस्से में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए. स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की सहायता से 4 युवकों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 5 वां युवक अभी भी लापता है और उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है . इस दर्दनाक हादसे के बाद नदी किनारे और अस्पताल में परिवार के रोते – बिलखते दृश्य ने हर किसी का दिल दहला दिया . श्रद्धालुओं की यह यात्रा एक भयावह त्रासदी में बदल गई. बासर पुलिस और बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद हैं और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील कर रहे हैं. प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वो स्नान के दौरान नदी के गहरे हिस्सों में ना जाएं और स्थानीय गाइड की सहायता लें . इस घटना ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.