राजद प्रवक्ता सारिका पासवान पर अभद्र टिप्पणी से सियासी भूचाल

खुद सारिका पासवान ने भी अपने ऊपर की गई टिप्पणी पर अपनी बात रखी है. सारिका पासवान ने एक्स पर लिखा,’ महाभारत की शुरुआत साड़ी खींचने से हुई थी फिर श्री कृष्ण ने क्या किया यह आज भी भगवत गीता में वर्णित है और साड़ी खींचने वाला…


पटना/ हैदराबाद, 25 जून, 2025. राष्ट्रीय जनता दल ( आरजेडी) की प्रवक्ता सारिका पासवान को लेकर की गई एक टिप्पणी पर सियासी बवाल मचा हुआ है. दरअसल, भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष कुमार के सोशल मीडिया अकाउंट से सारिका पासवान के खिलाफ एक बेहद ही आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी. इस टिप्पणी के बाद अब राजद की तरफ से इस पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी गई है. राष्ट्रीय जनता दल की तरफ से एक्स पर लिखा गया,’ दो कौड़ी के लफंगे तेरी, तेरे खानदान की यह औकात नहीं है कि दलित बहुजन की बेटी की तरफ आंख उठा कर देख लें. यह 90 के बाद का दौर है. बिहार के 90 फ़ीसदी बहुजन तेरे जैसे संघी – भाजपाई नफरती किट – पतंगों को अब चप्पल और गोबर पर भी नहीं बैठने देते. सारिका पासवान के साथ पार्टी खड़ी है. इधर, खुद सारिका पासवान ने भी अपने ऊपर की गई टिप्पणी पर अपनी बात रखी है. सारिका पासवान ने एक्स पर लिखा, ‘ महाभारत की शुरुआत साड़ी खींचने से ही हुई थी फिर श्री कृष्ण ने क्या किया यह आज भी भगवत गीता में वर्णित है. दुर्योधन रण ऐसा होगा फिर ना कभी जैसा होगा. अंतिम संकल्प सुनाता हूं. याचना नहीं, अब रण होगा, जीवन जय या मरण होगा. विध्वंस विध्वंस विध्वंस !!!

आशुतोष ने दी सफाई
इस बीच अपने अकाउंट से सारिका पासवान के खिलाफ बेहद ही आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भूमिहार ब्राह्मण एकता मंच फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने भी सफाई दी है. उन्होंने फेसबुक पोस्ट कर कहा,’ विशेष सूचना’ थोड़ी देर पहले मेरी जानकारी के बगैर आईटी टीम द्वारा मेरे अकाउंट से आरजेडी प्रवक्ता सारिका पासवान जी के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग किया गया जो अत्यंत अशोभनीय है. मैं व्यक्तिगत रूप से ब्रह्मेश्वर मुखिया जी पर किए गए टिप्पणी के लिए आरजेडी प्रवक्ता सारिका पासवान को दोषी मानता हूं लेकिन किसी महिला पर अभद्र टिप्पणी का मैं कभी समर्थक नहीं रहा. हम अपने आईटी टीम के द्वारा हुए इस मानवीय भूल और अशोभनीय घटना के लिए अपनी टीम की ओर से शर्मिंदा है.