शिव मंदिर के अंदर पुजारी का मर्डर, 5 कट्ठा जमीन के लिए चाकू से गोदकर मारा, 2 अरेस्ट


मोतिहारी के पिपरा में शिव मंदिर के अंदर एक पुजारी की बुधवार देर रात निर्मम हत्या कर दी गई. पुजारी का शव गुरुवार सुबह भक्तों ने देखा. पुजारी के परिवार ने पांच कट्ठा जमीन के विवाद में हत्या किए जाने का आरोप लगाया है . पुलिस इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर

मोतिहारी/ हैदराबाद, 26 जून, 2025. बिहार के पूर्वी चंपारण ( मोतिहारी) जिले में शिव मंदिर के अंदर एक पुजारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात पिपरा थाना क्षेत्र की है. राजमार्ग संख्या 28 पर स्थित पिपरा ओवर ब्रिज के पास शिव मंदिर परिसर में गुरुवार सुबह पुजारी का शव खून से लथपथ हालत में मिला. मृतक की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के चाप गांव निवासी हरी गिरी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मंदिर के पास ही स्थित पांच कट्ठा जमीन को लेकर पुजारी के परिवार का दूसरे से विवाद चल रहा था. पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक, पुजारी हरी गिरी रोजाना की तरह बुधवार रात को मंदिर में सोने चले गए थे. देर रात उनकी चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. सुबह लोग जब मंदिर में पूजा करने पहुंचे, तो वहां पुजारी का शव देख चौंक गए. देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया. इस संदर्भ में थाना प्रभारी अनुज सिंह ने बताया कि पुजारी की हत्या जमीन विवाद में की गई है. परिजन ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. इनमें से दो युवकों, राहुल और अनिल को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुजारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया गया है. जल्दी मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

जमीन छोड़ दो, नहीं तो मार देंगे

शिव मंदिर पुजारी हरी गिरी के पोते राजन गिरी ने बताया कि
जमीन के एक टुकड़े को लेकर कुछ समय से उनका आरोपी परिवार से विवाद चल रहा था. 2 दिन पहले ही आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी. उन्होंने कहा था कि जमीन छोड़ दो, नहीं तो मार देंगे. इसके बाद बुधवार की रात को उसके दादा की हत्या कर दी गई.